नाहन : नारीवाला के जंगलों मे शरारती तत्वों द्वारा पेड़ काटे जाने पर ग्रामीणों में रोष, समाजसेवी नाथूराम ने दी चेतावनी

नाहन : नारीवाला के जंगलों मे शरारती तत्वों द्वारा पेड़ काटे जाने पर ग्रामीणों में रोष, समाजसेवी नाथूराम ने दी चेतावनी
अक्स न्यूज लाइन नाहन 31 मार्च : 

नारिवाला क्षेत्र के जंगलों में एक पेड़ काटे जाने की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी रोष देखा जा रहा है।

समाजसेवी एवं पर्यावरणविद नाथू राम चौहान ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक ओर पांवटा के एसडीएम द्वारा पेड़ न काटने का आश्वासन दिया गया था, वहीं दूसरी ओर पेड़ काट दिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि आगे भी पेड़ काटे जाते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

नाथू राम चौहान ने चेतावनी देते हुए कहा कि बुधवार सुबह 9 बजे ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा आर-पार की लड़ाई के लिए तैयारी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की अनुमति के बिना ही सरकार और संबंधित विभाग जानबूझकर क्षेत्र में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि जंगलों में पेड़ों की कटाई पर तुरंत रोक लगाई जाए और इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति को लेकर तनाव बना हुआ है।