नाहन: कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन.. पुकारता है चौगान..दुर्दशा के पीछे नगर परिषद की पैसा कमाने की प्रवृत्ति भी..

नाहन: कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन.. पुकारता है चौगान..दुर्दशा के पीछे नगर परिषद की पैसा कमाने की प्रवृत्ति भी..

 अक्स न्यूज लाइन नाहन 31 जनवरी : 

कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन, पुकार रहा है ऐतिहासिक चौगान.  रियासत काल में आन बान शान का प्रतीक रहा ऐतिहासिक चौगान अब लंबे अरसे से अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहा है।

चौगान की लगातार हो बर्बादी काएक बड़ा कारण, 20 सालों से चुन कर आए कांग्रेस- भाजपा के पार्षदों की नगर परिषद के लिए आमदनी बढ़ाने की सोच रही है।

चौगान आज नगर परिषद के लिए इसी सोच के कारण कमाऊ पूत बन गया है। किराये नाम पर सालाना। लाखों रुपए वसूले जा रहे हैं। अनदेखी के चलते रखरखाव जीरो हो कर रह गया है।

 ऐसे में चौगान का प्रमुख गेट अक्सर खुला रहता है। क्योंकि आये दिन कोई न कोई कार्यक्रम चलता रहता है। नगर परिषद में किराए की पर्ची कट जाती है। गेट कब कौन करेगा यह किसी की जिम्मेदारी तय नहीं है और न किसी की जवाबदेही।

यही वजह है गेट बंद होता ही नहीं है। सुबह से चौगान में आवारा पशुओं को जमावड़ा लगना शुरु हो जाता है। दिन चढ़ते अवैध पार्किंग शुरु हो जाती है। खिलाडी भी अपना दम दिखाते हुए नजर आते हैं लेकिन देर शाम फिर यही चौगान ड्राइविंग स्कुल बन जाता है।

ऐतिहासिक चौगान के गौरव, इसकी गरिमा को बरकरार रखने के लिए, मिटते वजूद को बचाने के लिए यह जरूरी है कि सभी किस्म के व्यवसायिक कार्यक्रमों पर रोक लगाई जाए। ऐसे सभी किस्म के कार्यक्रम चम्बा वाला ग्राउंड में कराए जाने चाहिए। क्योंकि चम्बा वाला ग्राउंड वैसे भी सालों से विवाह समारोहों के किराये पर उपलब्ध हो रहा है।

नगर परिषद को अब चौगान को लेकर अपनी पैसा कमाने की प्रवृत्ति को बदलना चाहिए। यहां केवल राष्ट्रीय पर्वो का आयोजन होना चाहिए जैसा कि रियासत के जमाने से होता आया है ।

शाही दौर में चौगान के वैभव को देख चुके कई पुराने लोगों का कहना है कि दशकों से यहां के सियासी आकाओं ने चौगान को लेकर कोई बड़ी योजना नहीं बनाई, ये सभी नेता यहां कार्यक्रमों में आकर सम्मनित होते हैं ।

लेकिन चौगान को लेकर महज झूठ बोलने के इलावा कुछ नही करते। यही नहीं खेलने के लिए चौगान की अक्सर दुहाई देने वाले शहर के खिलाड़ी भी एकजुट होकर इन वोट  बटोरने वाले नेताओं पर दबाव बनाने में आज तक सफल नहीं हो सके।

एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि ऐतिहासिक चौगान का किसी भी तरह से दुरपयोग नही होने दिया जायेगा। 26 जनवरी को प्रवेश द्वार के तोड़े गए एक गेट की मुरम्मत करके मैन गेट पर ताला लगा दिया गया है। नप प्रशासन को नियमित ताला लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मैदान का दुरुपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस एक्शन लिया जायेगा।