नाहन: सूक्खु राज में कानून व्यवस्था चरमाराई, देवभूमि की शान्ति भंग, विनय गुप्ता ने साधा निशाना...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 21 नवंबर :
हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार की लचर कार्यप्रणाली के कारण राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और हिमाचल प्रदेश में अब गुंडाराज शुरू हो गया है। यह आरोप लगाते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनय गुप्ता ने बताया कि अब देवभूमि हिमाचल की शांति पूरी तरह से भंग हो चुकी है और यहां चारों ओर डर का माहौल पैदा हो गया है।
उन्होंने ऊना जिले में हुई गोलीबारी की वारदात का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपने अफसरों पर नियंत्रण पूरी तरह खो चुकी है और गुंडा तत्वों द्वारा सरेआम गोलियां वर्षा कर डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। इतना ही नहीं प्रदेश में कानून का डर समाप्त हो चुका है और असमाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं पर तेजाब फेंक कर उनकी जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है ।
विनय गुप्ता ने बताया कि इस शांतिप्रिय प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब गुंडा तत्वों और माफियाओं द्वारा सरेआम पुलिस अधिकारियों को भी गाड़ियों के नीचे रौंदाने के कुप्रयास किये जा रहे हैं। विनय गुप्ता ने कहा कि जब से प्रदेश में सुक्खू सरकार सत्ता में आई है प्रदेश बिहार बनता जा रहा है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अब आम लोगों को डर के साए में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
विनय गुप्ता ने कहा कि अब प्रदेश के भीतर गुंडा तत्व पुलिस प्रशासन पर इस कदर हाबी हो गया है कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने भी इस भयावह स्थिति पर संज्ञान लेने के उपरांत प्रदेश सरकार को कानून व्यवस्था पर नियंत्रण पाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश प्रवक्ता ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और आर्थिक तालाबंदी के मध्य नजर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की जाए ताकि प्रदेश में फिर से शांति और अमन चैन स्थापित हो सके और ठप्प पड़ी विकास प्रक्रिया को फिर से पटरी पर लाया जा सके।



