कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल: शिमला में पर्यटन का नया आकर्षण

कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल: शिमला में पर्यटन का नया आकर्षण
Ad 2 Ad 5 Ad 6 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9

अक्स न्यूज लाइन शिमला 05  जुलाई :
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला अपनी प्राकृतिक सुंदरता, देवदार के घने जंगलों और मनमोहक पर्वतीय दृश्यों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए अब एक और नया आकर्षण जुड़ गया है—कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल। यह परियोजना न केवल पर्यटन को नया आयाम देगी, बल्कि प्रकृति संरक्षण, स्थानीय रोजगार और सतत पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी इस सुगम नेचर ट्रेल को इस प्रकार विकसित किया गया है कि बच्चे, युवा, वरिष्ठ नागरिक और प्रकृति प्रेमी सभी इसका आनंद ले सकें। सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग होने के कारण यह ट्रेल परिवारों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने जा रही है। शिमला पहुंचने के बाद ऑकलैंड टनल से लगभग आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित पोआबो पंचायत में इस ट्रेल का निर्माण किया गया है। सड़क से सीधे जुड़े होने के कारण पर्यटक यहां आसानी से पहुंच सकते हैं और प्रकृति की गोद में सैर करते हुए मनोरम वातावरण का आनंद ले सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने किया प्रथम चरण का लोकार्पण
हिमाचल प्रदेश को वर्षभर पर्यटकों की पसंदीदा पर्यटन स्थली के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पर्यटन क्षेत्र को प्रोत्साहन देने तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश की प्राकृतिक वादियां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रही हैं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हाल ही में वन विभाग द्वारा लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से विकसित महत्वाकांक्षी इको-टूरिज्म एवं नेचर इंटरप्रिटेशन प्रोजेक्ट 'कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल' के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। लगभग आठ हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस परियोजना में 2.5 किलोमीटर लंबा नेचर ट्रेल तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता बढ़ाना, प्रकृति के प्रति रुचि विकसित करना, जैव विविधता संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस ट्रेल को हल्की ढलान के साथ इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि सभी आयु वर्ग के लोग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिक और बच्चे, आसानी से इसका भ्रमण कर सकें।

हिमालयी सौंदर्य का अनूठा अनुभव
कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल की सबसे बड़ी विशेषता यहां से दिखाई देने वाले हिमालय के मनोरम दृश्य हैं। ट्रेल पर चलते हुए पर्यटक शाली शिखर, महालू शिखर, मशोबरा, नालदेहरा तथा आसपास की पर्वत श्रृंखलाओं के विहंगम दृश्य एक ही स्थान से देख सकते हैं। प्रकृति के बीच बिताया गया यह अनुभव पर्यटकों को शहरी जीवन की भागदौड़ से दूर सुकून और ताजगी का एहसास कराता है।

इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
यह ट्रेल शिमला में इको-टूरिज्म को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। परियोजना का उद्देश्य पर्यटन गतिविधियों को प्रकृति संरक्षण के साथ जोड़ना है, ताकि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए पर्यटन का सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके। इससे पर्यटकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

बोनसाई उद्यान बनेगा विशेष आकर्षण
नेचर ट्रेल में विकसित किया गया बोनसाई उद्यान भी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। यहां लगभग 15 प्रजातियों के 40 बोनसाई पौधे लगाए गए हैं, जो प्रकृति और बागवानी में रुचि रखने वाले लोगों को विशेष रूप से आकर्षित करेंगे। यह उद्यान ट्रेल की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरणीय शिक्षा का भी प्रभावी माध्यम बनेगा।

स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर
परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी है। ट्रेल के संचालन और प्रबंधन में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए साधन विकसित होंगे।

सतत पर्यटन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल का विकास सतत पर्यटन के सिद्धांतों को ध्यान में रखकर किया गया है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। "Roam the Hills, Respect the Hills" का संदेश पर्यटकों को पहाड़ों की सुंदरता का आनंद लेने के साथ-साथ उनके संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।
प्राकृतिक सौंदर्य, हिमालयी दृश्य, बोनसाई उद्यान, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार जैसे अनेक आयामों से परिपूर्ण कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल शिमला में पर्यटन की नई पहचान बनने की क्षमता रखती है। आने वाले समय में यह ट्रेल शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण के रूप में स्थापित हो सकती है तथा प्रदेश के इको-टूरिज्म मॉडल को नई दिशा प्रदान कर सकती है।

कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल: प्रकृति, पर्यटन और आजीविका का अनूठा संगम अनिकेत वान्वे
उप वन संरक्षक, शिमला, अनिकेत वान्वे ने बताया कि कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के निर्माण के लिए भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पांच करोड़ रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 2.5 किलोमीटर लंबे इस नेचर ट्रेल के दोनों ओर चीड़, देवदार, बांज (ओक) सहित विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष हैं, जो पर्यटकों और आगंतुकों को प्राकृतिक वातावरण का अद्भुत अनुभव प्रदान करते हैं। इसके अतिरिक्त आगंतुकों के लिए थ्री-डी डिस्प्ले के माध्यम से बोनसाई की विभिन्न प्रजातियों, हिमाचल के राज्य पक्षी मोनाल तथा जुजुराना सहित अनेक पक्षियों की जानकारी प्रदर्शित की गई है। प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने के लिए विभिन्न स्थानों पर वॉच टावर स्थापित किए गए हैं तथा शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग प्वाइंट भी विकसित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नेचर ट्रेल परिसर में कैक्टस गार्डन, ऑर्किडेरियम तथा विभिन्न प्रजातियों के मशरूम उद्यान भी विकसित किए जा रहे हैं। इनसे बच्चों और पर्यटकों को प्रकृति के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता के बारे में भी जानकारी प्राप्त होगी।
उप वन संरक्षक ने सभी आगंतुकों से अपील की कि वे स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा कूड़ा-कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि इस नेचर ट्रेल की प्राकृतिक सुंदरता लंबे समय तक सुरक्षित और अक्षुण्ण बनी रहे।
-0-