नाहन :अमित अत्री बने चीफ लीगल एडवाइजर, राकेश थापा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की मिली अहम जिम्मेदारी ..आदर्श संस्था में नई नियुक्तियां
अक्स न्यूज लाइन नाहन 02 जुलाई :
प्रदेशभर में नशा उन्मूलन, जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही आदर्श संस्था (Association for Anti Drug Abuse, Rehabilitation and Saviour of Humanity), हिमाचल प्रदेश ने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार छह पदाधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
जारी आदेशों के अनुसार अधिवक्ता अमित अत्री को संस्था का चीफ लीगल एडवाइजर, राकेश थापा को राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तारा दत्त शर्मा को राज्य मुख्य सलाहकार, वीरेंद्र पासी को राज्य उपाध्यक्ष, भूपेंद्र भंडारी को राज्य सहसचिव और देवांशु शर्मा को संस्था का स्टेट ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल नशा उन्मूलन तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, समाज में जन-जागरूकता फैलाना तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने, पुनर्वास गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को और अधिक गति देने के लिए संगठन को मजबूत किया जा रहा है। नई नियुक्तियों से संस्था की गतिविधियों का विस्तार होगा।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संस्था नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने, युवाओं को जागरूक करने और जनहित के कार्यों को गति देने के लिए पूरी टीम के साथ मिलकर निरंतर कार्य किया जाएगा। साथ ही संस्था के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक जागरूकता के अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
राज्य कार्यकारिणी में इन्हें मिली नई जिम्मेदारियां
अधिवक्ता अमित अत्री – चीफ लीगल एडवाइजर
राकेश थापा – राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष
तारा दत्त शर्मा – राज्य मुख्य सलाहकार
वीरेंद्र पासी – राज्य उपाध्यक्ष
भूपेंद्र भंडारी – राज्य सहसचिव
देवांशु शर्मा – स्टेट ब्रांड एंबेसडर




