नाहन: 80 पार भी थमा नहीं सेवा का जज्बा: पं. देवी सहाय शास्त्री का सपना पूरा हुआ, 12 साल बाद आरंभ हुआ योग आश्रम गाता धार में..
अक्स न्यूज लाइन नाहन 0 5 जुलाई :
जिला सिरमौर में संगड़ाह के सुरम्य गाँव मण्डवाच-गाताधार में सेवा और अध्यात्म का एक नया स्वर्णिम अध्याय शुरू हुआ। यहाँ 'हिमाचल योग सभा' (पंजीकृत 1983) द्वारा नवनिर्मित स्थायी 'योग अभ्यास आश्रम' का भव्य लोकार्पण किया गया। यह आश्रम आने वाले समय में तनाव से जूझ रही नई पीढ़ी के लिए एक जीवनदायिनी दवा और मानसिक शांति का केंद्र साबित होगा।
इस पूरे प्रकल्प के पीछे हिमाचल योग सभा के अध्यक्ष पं. देवी सहाय शास्त्री जी की वर्षों की अनथक साधना और अटूट समर्पण है। वर्ष 1992 में राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद, जहाँ लोग आराम की जिंदगी चुनते हैं, वहीं शास्त्री जी ने दिन-रात निस्स्वार्थ भाव से समाज सेवा का रास्ता चुना।
स्थानीय भुमि दानदाता श्रीमती रेनो देवी और उनके पुत्रों द्वारा दान में दी गई भूमि पर शास्त्री जी ने पिछले 12-13 वर्षों की हाड़-तोड़ मेहनत से इस विशाल योग आश्रम का निर्माण सुनिश्चित किया। इस भागीरथी प्रयास के लिए स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों ने शास्त्री जी के प्रति गहरा आभार और उच्च सम्मान व्यक्त किया है।
"आज की युवा पीढ़ी जो मानसिक तनाव से पीड़ित है, उसके लिए यह आवासीय आश्रम संजीवनी की तरह काम करेगा। इसके साथ ही, आश्रम को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने के लिए भविष्य में यहाँ सामाजिक बैठकें, धार्मिक आयोजन, सभाएं और विवाह कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे।
संस्था के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए शास्त्री जी ने बताया कि हिमाचल योग सभा वर्ष 1983 से निरंतर जनहित में निःशुल्क योग प्रशिक्षण और प्राकृतिक तरीकों से रोगों के उपचार में जुटी हुई है। इसी के साथ, संस्था ने प्रदेश सरकार से अपील की है कि नाहन में भी योग द्वारा चिकित्सा और कल्याण हेतु ऐसे ही एक योग आश्रम के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाई जाए।
आप भी जुड़ सकते हैं इस मुहिम से (संपर्क सूत्र):
हिमाचल योग सभा की इस अनूठी और निस्स्वार्थ मुहिम का हिस्सा बनने, यहाँ योग साधना का अभ्यास करने या प्राकृतिक पद्धतियों द्वारा निःशुल्क उपचार का लाभ उठाने के लिए संस्थान ने आम जनता के लिए द्वार खोल दिए हैं। इस पुनीत कार्य से जुड़ने या आश्रम से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति संस्थान के मुख्य मोबाइल नंबर 941845-2836 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, व्यापक सुविधा के लिए संस्थान द्वारा कुछ अन्य वैकल्पिक संपर्क नंबर जैसे 97366-22966, 87450-00108, 98164-14096 और 70180-99101 भी जारी किए गए हैं, जिन पर बात करके आश्रम की गतिविधियों व निःशुल्क चिकित्सा शिविरों की पूरी जानकारी ली जा सकती है।




