कांग्रेस नेताओं का कहना कांग्रेस का मतलब मुस्लिम और मुस्लिम का मतलब कांग्रेस : भाजपा ने कभी जात-पात, मजहब या तुष्टीकरण की राजनीति नहीं की : राजीव भारद्वाज

कांग्रेस नेताओं का कहना कांग्रेस का मतलब मुस्लिम और मुस्लिम का मतलब कांग्रेस : भाजपा ने कभी जात-पात, मजहब या तुष्टीकरण की राजनीति नहीं की : राजीव भारद्वाज

अक्स न्यूज लाइन शिमला 09 नवंबर : 

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ राजीव भारद्वाज ने कहा कि पहला चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है और दूसरे चरण का चुनावी दौर चल रहा है। पहले चरण के मतदान को देखकर राजनीतिक विश्लेषक यह मान रहे हैं कि अब बिहार में दो-तिहाई बहुमत से एनडीए की सरकार बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। यह मैं स्वयं नहीं कह रहा, बल्कि देश के बड़े-बड़े राजनीतिक विश्लेषक भी यही मानते हैं। बिहार की जनता की एक ही मांग है और वह है विकास और स्थिरता। राजद हो या कांग्रेस, ये सभी राजनीतिक पार्टियाँ बिहार की जनता की आँखों में धूल झोंककर उसका समर्थन हासिल करना चाहती हैं। हाल ही में कांग्रेस के नेताओं ने यह कहा कि बिहार की जनता के वोट की चोरी हुई है। जनता का वोट सुरक्षित है, किसी ने चोरी नहीं की।

राहुल गांधी यहाँ आकर कहते हैं कि चुनाव आयोग ने बिहार की जनता के वोट को चुरा लिया। यहाँ इतनी बड़ी संख्या में लोग खड़े हैं, जो साफ कह रहे हैं कि उनका वोट सुरक्षित रहा है, फिर राहुल गांधी किस आधार पर ऐसा झूठ बोल रहे हैं? क्या राजनीतिक कामयाबी पाने के लिए झूठ बोलना आवश्यक है? क्या जनता की आँखों में आँख मिलाकर सच बोलना अब इन नेताओं के लिए संभव नहीं रहा? ऐसे लोग देश को केवल भ्रम और अराजकता की ओर ले जाने का काम कर रहे हैं।

राजीव भारद्वाज ने कहा कि उनका मानना है कि सार्थक बदलाव और देश तथा समाज के निर्माण के लिए केवल और केवल सच्चाई कहनी चाहिए। देश को बनाने की जिम्मेदारी झूठ से नहीं पूरी होती। कुछ लोग वोट चोरी का झूठ फैला रहे हैं। यदि किसी को कोई शिकायत है कि वोट या कुछ और चोरी हुआ है तो उसका सही तरीका है कि नाम और पता लिखकर चुनाव आयोग के पास शिकायत पेश की जाए। अगर चुनाव आयोग शिकायत नहीं सुनता तो अदालत का रास्ता अपनाना चाहिए। हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाकर इंसाफ लेना चाहिए। जनता को भी अपनी बात अदालतों के माध्यम से रखनी चाहिए और आँखों में आँख मिलाकर झूठ नहीं बोलना चाहिए। कांग्रेस और राहुल गांधी कुछ बातें उठा रहे हैं, जैसे कि सेना में जाति के आधार पर कुछ हो रहा है। सेना में जाति या धर्म के आधार पर विभाजन नहीं होगा। उनकी बात थी कि सेना का केवल एक धर्म है और वह सैन्य धर्म है। देश को जाति या मजहब के नाम पर बाँटने की कोशिश करने वाले गलत राह पर हैं और ऐसा करने वालों से देश सचेत रहे।

राजीव भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हाल ही में एक बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है। उन्होंने कहा था कि “कांग्रेस का मतलब मुस्लिम और मुस्लिम का मतलब कांग्रेस।” कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए इस हद तक गिर जाएगी, यह देश की जनता कभी सोच भी नहीं सकती थी। सत्ता पाने की भूख में कांग्रेस अब देश को धर्म और मजहब के आधार पर बाँटने की कोशिश कर रही है। भाजपा ने कभी जात-पात, मजहब या तुष्टीकरण की राजनीति नहीं की। हमारी राजनीति इंसाफ और इंसानियत की राजनीति है, सबका साथ और सबका विकास। हमारे देश की यही परंपरा रही है कि यहाँ रहने वाला हर व्यक्ति, चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान, भारत का समान नागरिक है। भारत की सभ्यता और संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि हमारे ऋषियों-मनीषियों ने हमेशा “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश दिया है।

यह भावना केवल भारत से उत्पन्न हुई है, दुनिया के किसी अन्य देश ने ऐसा उदात्त विचार नहीं दिया। भारत ने हमेशा सबको जोड़ने की बात की है, तोड़ने की नहीं। कांग्रेस और उसके साथी दल आज उसी सामाजिक समरसता को तार-तार करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे हमारे पूर्वजों ने सदियों की साधना से बनाया। बिहार की जनता को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए कि जो दल समाज को बाँटकर राजनीति करना चाहता है, वह देश को एकजुट नहीं रख सकता। भाजपा का संकल्प स्पष्ट है, जो भी भारत की मिट्टी से जुड़ा है, जो भी इस देश का नागरिक है, वह सब एक परिवार के सदस्य हैं। यही हमारी सोच है, यही हमारी संस्कृति है और यही भारत की आत्मा है।