कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ रुपए की सिंचाई व पेयजल योजनाएं का कार्य प्रगति पर - मुकेश अग्निहोत्री
अक्स न्यूज लाइन सोलन 17 जून :
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ रुपए की सिंचाई व पेयजल योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में प्रगति पर है। मुकेश अग्निहोत्री आज कसौली विधानसभा क्षेत्र के कुमारहट्टी में एक ‘आभार सभा’ समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी उपस्थित थे।
मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का गांव के समग्र विकास में अहम योगदान होता हैं। उन्होंने आशा जताई कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में सहयोग देंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र के लिए 135 करोड़ रुपए से गिरी पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य लोगों के सहयोग से शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पेजयल योजना के बनने से 17 ग्राम पंचायतों के लगभग 180 गांव के 55 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पट्टा बरावरी सिंचाई योजना का कार्य भी प्रगति पर है। यह योजना लगभग 4.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित की जा रही है। इस योजना के पूर्ण होने से 10 गांव की लगभग 116 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी, जिससे किसान लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि लगभग 1.15 करोड़ रुपए की लागत से हरिपुर सिंचाई योजना का कार्य भी प्रगति पर है। इस योजना के निर्माण से 54 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी जिससे 08 गांव के निवासियों को लाभ मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में एशियन विकास बैंक के सहयोग से 38 करोड़ रुपए की पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस योजना से लगभग 10 ग्राम पंचायत के निवासियों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होगी।
उन्होंने कहा कि 47 करोड़ रुपए की लागत से परवाणू सीवरेज योजना का कार्य भी प्रगति पर है। इस योजना के प्रथम जा़ेन का कार्य पूर्ण हो चुका है और दूसरे ज़ोन का कार्य शीघ्र पूर्ण हो जाएगा। इस कार्य के पूर्ण होने से लोगों को और बेहतर सीवरेज सुविधा मिलेगी।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रतिनिधि को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि ग्राम पंचायत चेवा के प्रधान अपनी ग्राम पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करेंगे।
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधि समाज में एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास के लिए प्रदेश सरकार का भरपूर सहयोग रहेगा।
ग्राम पंचायत चेवा के प्रधान रमेश चौहान ने इस अवसर पर सभी गणमान्यों का स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव विनोद जिंटा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ लिमिटेड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, जोगिंद्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य सुरेंद्र सेठी, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, हिमाचल प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, कांग्रेस पार्टी के अरविंद गुप्ता व राजेन्द्र ठाकुर, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, उप पुलिस अधीक्षक परवाणू अनिल कुमार सहित विभिन्न के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण उपस्थित थे।
.0.









