नाहन: मुख्य न्यायाधीश को सौंपा बार एसोशिएशन ने ज्ञापन,वकीलों के लिए मांगा चैंबर...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 10 अप्रैल :
जिला सिरमौर बार एसोसिएशन ने आज नाहन में राज्य के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गुरमीत सिंह संधावालियाको सौपें एक ज्ञापन में बार एसोशिएशन से जुड़े कई मसलों के समाधान करने की गुहार लगाई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चन्दन दीप शाह ने बताया कि जिला बार के सदस्यों की संख्या अब 250 से अधिक हो गई है, जिसमें कई महिला अधिवक्ताएं भी शामिल हैं। न्यायिक परिसर क्षेत्र में हमारे पास अधिवक्ताओं के लिए कोई चैंबर (कार्यालय कक्ष) उपलब्ध नहीं है।
शाह ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सुझाए गए स्थान की भूमि बिल्कुल भी उपयुक्त नहीं है, क्योंकि वहां तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता ही नहीं है। अतः, अधिवक्ताओं के चैंबरों के लिए कोई उपयुक्त भूमि आवंटित करवाई जाए
ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ताओं और वहां आने वाले वादियों की भारी संख्या के कारण सभी को पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वहां पार्किंग के लिए कोई स्थान उपलब्ध नहीं है। यहां तक कि निर्माणाधीन नई न्यायिक इमारत में भी अधिवक्ताओं के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है।
शाह ने बताया कि न्यायिक परिसर की इमारत चार मंजिला है, परंतु इसमें लिफ्ट की कोई व्यवस्था नहीं है; जिसके कारण वृद्ध अधिवक्ताओं, तथा वृद्ध एवं दिव्यांग वादियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अतः, सभी मंजिलों के लिए लिफ्ट की व्यवस्था करवाई जाए। एसोसिएशन ने समस्याओं का समाधान यथाशीघ्र करवाने की गुहार लगाई है।








