केवल सिंह पठानिया ने छैनी से गतडी सम्पर्क मार्ग निर्माण का किया शिलान्यास

केवल सिंह पठानिया ने छैनी से गतडी सम्पर्क मार्ग निर्माण का किया शिलान्यास
अक्स न्यूज लाइन धर्मशाला,14 फ़रवरी : 
विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार शाम को नड्डी में 1 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बनने वाले छैनी से गतडी 1.6 किलोमीटर सम्पर्क मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज कुमार तथा केवल सिंह पठानिया की धर्मपत्नी सुनंदा पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
    उन्होंने कहा कि नड्डी में प्रस्तावित जिप लाइन प्रोजेक्ट एशिया का सबसे लंबा जिप लाइन प्रोजेक्ट होगा। इसकी कुल लंबाई लगभग 4.8 किलोमीटर होगी, जिसमें चार स्टेशन और तीन सेक्शन बनाए जाएंगे। यह परियोजना पी.पी.पी. मोड में रोपवे एवं रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन द्वारा स्थापित की जाएगी। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 7.50 करोड़ रुपये होगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
      उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सभी पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र को आदर्श विस क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। 
     कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह पठानिया ने दो महिला मंडलों को 11-11 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित भी किया।     इस अवसर पर अनूप रतन (एडवोकेट जनरल), विनय धीमान, देश राज, अमित शर्मा, लोक निर्माण विभाग हिमाचल प्रदेश, कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी धर्मशाला, भरत जरियाल, संजीव गांधी सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।