नाहन : सराहां में नशा मुक्ति अभियान को मिला जनसमर्थन, आदर्श संस्था ने सरकार से कड़े कानून बनाने की उठाई मांग
अक्स न्यूज लाइन नाहन 06 जुलाई :
नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चला रही आदर्श संस्था (Association for Anti Drug Abuse, Rehabilitation and Saviour of Humanity) द्वारा आज सराहां पंचायत हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्था के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसवीएन पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति विषय पर प्रेरणादायक भाषण, एकांकी एवं समूहगान की प्रस्तुतियों से हुई। छात्राओं ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि संस्था का एकमात्र उद्देश्य पूरे हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाना तथा समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सरकार को और अधिक कठोर कानून बनाने चाहिए, ताकि ऐसे अपराधियों को आसानी से जमानत न मिल सके। उन्होंने कहा कि कई मामलों में तस्करों से इतनी ही मात्रा में नशा बरामद किया जाता है, जिससे उन्हें शीघ्र जमानत मिल जाती है, जबकि उनका अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा होता है और प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
उन्होंने बताया कि आदर्श संस्था का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर नशा तस्करों के खिलाफ और अधिक सख्त कानून बनाने की मांग करेगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए आदर्श संस्था प्रत्येक पंचायत में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेगी, युवाओं, महिलाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इस जन आंदोलन से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हिमाचल का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
बैठक को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश थापा, अमित अत्री एवं सतिंदर नेहरू ने भी संबोधित किया तथा नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान तारा दत्त शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, भूपेंद्र भंडारी एवं देवांशु शर्मा का प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल होने पर स्वागत किया गया। वहीं सराहां पंचायत की प्रधान किरण कुमारी को पच्छाद क्षेत्र में आदर्श संस्था के महिला विंग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में नरेंद्र थापा, संजय चौहान, विनीत कुमार, सीमा अत्री, सतेंद्र, नेहरू, विद्यासागर, देवांशु शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं दर्जनों स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
बैठक का समापन नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने समाज से नशे के अभिशाप को समाप्त करने के लिए मिलकर कार्य करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया।



