हिमाचल की अर्थव्यवस्था में बागवानी का अहम योगदान - संजय अवस्थी
संजय अवस्थी ने कहा कि क्लस्टर पजीणा में परियोजना के तहत 36 किसानों को लाभ मिलेगा। पजीणा क्लस्टर में कुल 18 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि बागवानी के क्षेत्र में आजीविका के अपार अवसर हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बागवानी से आय अर्जित करने के लिए नवीनतम तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और बागवानों से आग्रह किया कि नवीन तकनीक की समझ और प्रयोग के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बागवानी क्षेत्र की आधुनिक तकनीक व बागवानों को जलवायु के अनुरूप फलों की जानकारी दें ताकि वह व्यावहारिक रूप से लाभान्वित हो सकंे।
संजय अवस्थी ने कहा कि क्लस्टर पजीणा व आस-पास के क्षेत्रों में मांग के अनुरूप फलों की विभिन्न किस्मों के उत्पादन की बेहतर सम्भावनाएं हैं। ड्रैगन फ्रूट, कीवी, ब्लूबेरी व ऐवेकाडो जैसे फलों की मांग अधिक है और इनसे आय भी अच्छी होती है। उन्होंने बागवानों से आग्रह किया कि इन फलों की जानकारी लें और लाभ प्राप्त करें।
उन्होंने इस अवसर पर गत तीन वर्षों में अर्की विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है और विकास योजनाओं के लिए समुचित धन उपलब्ध करवाया जा रहा है। ग्राम पंचायत सेवडा चण्डी में विकास कार्यों के लिए 84 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
संजय अवस्थी ने बमेली-पजीणा-सरयाली-कोरकूफर मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 26 लाख रुपए तथा महिला मण्डल पजीणा के भवन निर्माण के लिए 02 लाख रुपए एवं सामान क्रय करने के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने पजीणा से सौरा मार्ग के निर्माण के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप धनराशि देने की घोषणा भी की। विधायक ने तदोपरांत ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनीं तथा इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी से सी.डी. बंसल, तुलसीराम शर्मा, मनोज भारद्वाज, बागवानी विभाग की उप निदेशक शिवाली ठाकुर, ज़िला समन्वयक देवेन्द्र अत्री, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रबंधक संजय शर्मा, महिला मण्डल पजीणा के सदस्य, युवक मण्डल पजीणा के सदस्य, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।





