नाहन : जिला सिरमौर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संदीप शर्मा भाजपा में शामिल
अक्स न्यूज लाइन नाहन 15 जून :
जिला सिरमौर की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। संदीप शर्मा ने भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्यामा शर्मा के पौत्र भावन शर्मा के नेतृत्व में भाजपा का दामन थामा।
संदीप शर्मा लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं। वे पूर्व में कांग्रेस जिला महासचिव, जिला मीडिया प्रभारी तथा नाहन विधानसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं। संगठन में उनके अनुभव और जनसंपर्क को देखते हुए उन्हें सिरमौर जिले की राजनीति में एक प्रभावशाली नेता माना जाता है।
भाजपा में शामिल होने के अवसर पर संदीप शर्मा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा तथा विकासोन्मुखी नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा के मंच से वे क्षेत्र और प्रदेश के विकास के लिए अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे।
इस अवसर पर भावन शर्मा ने संदीप शर्मा का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा नाहन विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे सिरमौर जिले में भाजपा और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संदीप शर्मा के अनुभव और कार्यशैली का लाभ पार्टी को आगामी समय में अवश्य मिलेगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी संदीप शर्मा के पार्टी में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया।









