मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हमीरपुर दौरे के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था चौपट

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हमीरपुर दौरे के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था चौपट
हमीरपुर,5 फरवरी (अक्स न्यूज लाइन):- मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हमीरपुर दौरे के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था चौपट नजर आई। रविवार को हमीरपुर से नादौन राष्ट्रीय राजमार्ग पर रंगस तक महज 12 किलोमीटर के सफर को तय करने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया। मुख्यमंत्री के काफिले के पीछे तीन लेयर में गाड़ियां चलने से नादौन से हमीरपुर की तरफ रूटीन में आने वाले वाहन चालक काफी परेशान हुए। प्रशासनिक व्यवस्था का शिकार हुए वाहन चालक जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को कोसते नजर आए। इस मार्ग पर चंबा शिमला जाने वाली एचआरटीसी की बस भी करीब डेढ़ घंटा जाम में फंसी रही। इसके अलावा सैकड़ों निजी वाहन चालक ट्रैफिक अव्यवस्था के शिकार हुए। सुरेश शर्मा, प्रदीप कुमार, सुनील शर्मा, विनोद ठाकुर और विजय कुमार ने बताया कि जब मुख्यमंत्री का हमीरपुर प्रवास का टूर प्रोग्राम जिला प्रशासन को पांच दिन पूर्व मिल गया था, तो ट्रैफिक व्यवस्था का बेहतर प्लान बनना चाहिए था। जोकि कार्यक्रम में दूर-दूर तक नजर नहीं आया। जिसके चलते कई लोगों को असुविधा हुई 15 से 20 मिनट के सफर के लिए लोगों को डेढ़ से दो घंटे ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा।