नाहन : विकसित भारत युवा संसद का जिला स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन

नाहन : विकसित भारत युवा संसद का जिला स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन

अक्स न्यूज लाइन नाहन 02 मार्च : 
जिला सिरमौर में माई भारत संस्थान में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जिले के 122 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुरेश कश्यप (सांसद शिमला–सोलन–सिरमौर) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वही भविष्य के नेता और समाज के सशक्त स्तंभ हैं। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने तथा युवाओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना (गीतांजलि एवं समूह) के साथ हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं जिला युवा अधिकारी श्री प्रदीप कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अवधारणा एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर जिला नोडल अधिकारी एवं आयोजन सचिव डॉ. पंकज चांडक ने प्रकाश डालते हुए प्रतियोगिता के नियमों एवं उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन हेतु एक प्रतिष्ठित ज्यूरी पैनल गठित किया गया, जिसमें वरिष्ठ शिक्षाविद एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह चौहान, ज्वाइंट डायरेक्टर रविंद्रपाल सिंह ठाकुर, सेवानिवृत्त डीएफओ  प्रदीप शर्मा, शिक्षाविद भावना राठी तथा डीजीएम  मुकुल शर्मा शामिल रहे। ज्यूरी सदस्य  प्रदीप शर्मा ने प्रतिभागियों की ऊर्जा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि वे लोकतंत्र में अपनी सशक्त भूमिका निभाने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।

मंच संचालन स्वयंसेवी शुभम एवं वंशिका द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। डॉ. पंकज चांडक ने जानकारी दी कि जिला स्तर से 05 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिनमें शिवम, निशांत, सुनैना, आर्यवंश एवं ईशा शर्मा शामिल हैं। ये प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा संसद में गेटी थिएटर शिमला में “यूनियन बजट 2026: युवा सशक्तिकरण और विकसित भारत 2047” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। एकल गायन में पूजा, गीतांजलि, सपना एवं काजल ने मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में रीता देवी, श्रुति, दीपक शर्मा, मीनाक्षी, विवेक, बलविंदर, कोटगाह, कालिदी, धुन क्यारगा नवयुवक मंडल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं युवा उपस्थित रहे। यूथ आइकन गतवर्ष विजेता तनिष्का पुंडीर ने अपनी अनुभव भी साझा किये 

अंत में नेहरू युवा केंद्र के अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफल आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था की गहरी समझ विकसित करने तथा अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ। प्रतियोगिता ने न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सशक्त मंच प्रदान किया, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास को भी नई दिशा दी।