उप मुख्यमंत्री का पद न मिलने से नाराज शांडिल पहुंचे दिल्ली, सोनिया गाँधी से करेंगे मुलाकात

उप मुख्यमंत्री का पद न मिलने से नाराज शांडिल पहुंचे दिल्ली, सोनिया गाँधी से करेंगे मुलाकात

उप मुख्यमंत्री का पद नहीं मिलने से नाराज कर्नल धनीराम शांडिल दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगा है। शांडिल सीडब्ल्यूसी के सदस्य रह चुके हैं। बता दें कांग्रेस की नई सरकार में  एक ही संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से सीएम और डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। 
शांडिल इससे नाराज बताए जा रहे हैं। शिमला संसदीय क्षेत्र की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। सूत्रों के अनुसार डिप्टी सीएम का पद शिमला संसदीय क्षेत्र को मिलना चाहिए था।

बता दें पूर्व सांसद धनीराम शांडिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पिछली कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। 
इसमें उनकी  ओर से वरिष्ठता के साथ जातीय समीकरण को भी फैक्टर बताया गया है। सोलन जिले से इस बार कांग्रेस के चार विधायक चुने गए हैं। शांडिल लगातार तीन बार विधायक बने हैं। इसके अलावा संजय अवस्थी व राम कुमार भी दूसरी बारविधानसभा पहुंचे हैं। 
वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के लिए जल्द ही सोलन में एक सम्मान समारोह रखा जाएगा। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिव कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही। 
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस पांच साल जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सड़कों पर संघर्ष करती रही। इसका परिणाम भी जनता के भारी समर्थन के रूप में सामने आया है। सोलन जिला भाजपा मुक्त ही हो गया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जो विश्वास जनता ने पार्टी पर दिखाया है उस पर खरा उतरेंगे। 
चुनाव के दौरान कांग्रेस से जो वादे जनता से किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने लंबे समय से संगठन में काम किया है। इस बार सरकार और संगठन का तालमेल मजबूत रहेगा। कांग्रेस प्रदेश महासचिव कुशल जेठी ने कहा कि यह प्रदेश की जनता का सौभाग्य की बात है कि नौजवान नेतृत्व मिला है। 
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो भी घोटाले किए हैं। उन्हें तथ्यों के साथ सरकार के समक्ष रखा जाएगा और जांच सुनिश्चित की जाएगी। सोलन में 100 रुपये में पानी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की सरकार सत्ता में आ गई है। जनता को 100 रुपये पानी देने का वादा पूरा किया जाएगा।