पर्यावरण संरक्षण को लेकर नाहन में चिंतन......

पर्यावरण संरक्षण  को लेकर नाहन में चिंतन......

अक्स न्यूज   लाइन ..नाहन  28| अगस्त    - 2023
 पर्यावरण समिति नाहन की मासिक बैठक में पर्यावरण संरक्षण के लिए मजबूती से कार्य करने और युवाओं में बढ़ रहे नशे की लत की रोकथाम को लेकर गहन चिंतन किया गया।  बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष डा. सुरेश जोशी ने की। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रदेश में हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए आपदा में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की। इसके बाद स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर चर्चा की। उन्होंने समिति के कार्यो को भी बैठक में रखा। उन्होंने शिक्षण संस्थानों की ओर से पर्यावरण संरक्षण में मिले सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। डा. जोशी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यह सहयोग उनकी समिति को मिलता रहेगा। 
एवीएन स्कूल नाहन के प्रधानाचार्य केके चंदोला ने शिक्षा को विद्यार्थी के लिए सबसे अहम माना। उन्होंने कहा कि पर्यावरण भी शिक्षा का ही एक अंग है। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा स्वस्थ होगी, उसमें प्राण होंगे तो सभी जगह प्राण होंगे। उन्होंने गुरू और शिक्षक के भेद पर भी विस्तृत प्रकाश डाला।
शिक्षाविद प्रो.अमर सिंह चौहान ने पर्यावरण समिति की ओर से पर्यावरण संरक्षण में किए जा रहे कार्यों को सराहा। डा. संजीव अत्री ने पानी को लेकर उनके द्वारा निर्मित की जा रही 7 मिनट की फिल्म पर प्रकाश डाला, जिसे सभी ने सराहा। डा. श्रीकांत अकेला ने पर्यावरण संरक्षण में इको क्लब की भूमिका पर प्रकाश डाला। 
बैठक में मौजूद शमशेर स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार चौहान, कन्या स्कूल की प्रधानाचार्य डा. आशिमा राघव, कैंट स्कूल की मुख्य अध्यापिका सीमा वर्मा, डा. राजन कौशल समेत अन्य सभी लोगों ने पर्यावरण समिति को हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए समिति को भविष्य में सहयोग देने की हामी भरी।