बंजार की दुर्गम  पंचायत मशीयार में दोगडा पुल का निर्माण कार्य लटका, आपदा के सात माह बाद भी शुरू नहीं हुआ वाहन योग्य पुल का काम।

बंजार की दुर्गम  पंचायत मशीयार में दोगडा पुल का निर्माण कार्य लटका, आपदा के सात माह बाद भी शुरू नहीं हुआ वाहन योग्य पुल का काम।

तीर्थन घाटी गुशेनी बंजार(परस राम भारती):- जिला कुल्लू उप मण्डल बंजार में तीर्थन घाटी की दुर्गम ग्राम पंचायत मशियार में स्थित गांव कमेडा, मंझली और मशियार को जोड़ने वाला दोगडा पुल पिछले वर्ष 13 अगस्त को हुई भारी बारिश के दौरान आई प्राकृतिक आपदा में बह गया था। फलाचन नदी पर बना यह वाहन चलने योग्य वैली ब्रिज क्षेत्र की लगभग पांच से छह सौ आबादी के लिए जीवन रेखा था। इसके साथ ही दो अन्य पैदल पुलिया भी बाढ़ में बह गई थीं।

इसके बाद प्रशासन द्वारा यहां पर एक पैदल पुल और एक झूला पुल का निर्माण कर दिया गया, जिससे लोगों की आंशिक आवाजाही बहाल हो सकी। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण वाहन योग्य वैली ब्रिज का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। घटना को सात महीने बीत चुके हैं, फिर भी न तो पुल के लिए स्थान का अंतिम चयन हुआ है और न ही उसकी नींव रखने का कार्य आरंभ किया गया है।

नदी पार कर स्कूल जा रहे विद्यार्थी.

वर्तमान में गांव कमेडा, मंझली और मशियार के लोगों को आवागमन के लिए सीधे फलाचन नदी से होकर गुजरना पड़ रहा है। बठाहड़ स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से नदी पार कर स्कूल पहुंचते हैं। अभी नदी में पानी का स्तर कम होने के कारण लोग और छोटे वाहन किसी तरह निकल रहे हैं, लेकिन यह स्थिति सुरक्षित नहीं मानी जा सकती।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब पहाड़ियों पर जमी बर्फ पिघलनी शुरू हो गई है, जिससे आने वाले दिनों में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा। इसके बाद बरसात का मौसम भी शुरू हो जाएगा। ऐसी स्थिति में नदी पार करना बेहद जोखिम भरा हो जाएगा और गांवों का संपर्क पूरी तरह बाधित हो सकता है।

समय रहते शुरू हो पुल की नींव का कार्य.

स्थानीय निवासी प्रकाश ठाकुर पूर्व उप प्रधान मशीयार, भाग चंद पूर्व बार्ड सदस्य और अन्य ग्रामीणों लाल चंद कारदार, हेत राम, हीरा लाल, अमर भारती, दलीप सिंह, गोपाल कृष्ण, दरबारी लाल, धर्म चंद, उत्तम राम, राम कृष्ण और डूर सिंह आदि ने प्रशासन से मांग की है कि दोगडा पुल की फाउंडेशन नींव का कार्य तुरंत शुरू किया जाए। इनका कहना है कि अभी नदी में पानी कम है, जिससे नींव डालने का काम आसानी से किया जा सकता है। यदि देरी हुई तो जलस्तर बढ़ने और बरसात के कारण निर्माण कार्य करना कठिन हो जाएगा।

ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, उपायुक्त कुल्लू तथा लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आने वाले समय में क्षेत्र की जनता को किसी गंभीर समस्या का सामना न करना पड़े।

प्रकाश ठाकुर ने कहा कि दूरदराज के इस क्षेत्र के लिए दोगडा पुल केवल एक संरचना नहीं, बल्कि जीवन और विकास की मुख्य कड़ी है। समय पर निर्माण कार्य शुरू होना यहां की जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

पूर्व बार्ड सदस्य भाग चंद ने कहा है कि यदि वरसात से पहले पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आने वाले समय में यहां के लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है