ग्रामीण विकास मंत्री ने दुधली में 5.68 करोड़ की 4 परियोजनाओं के किए शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी 38 पंचायतों के अतिरिक्त 12 अन्य शहरी निकायों में भी समान विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों के दौरान कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 200 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि अब तक लोगों की मांग पर विधानसभा क्षेत्र की छोटी-बड़ी लगभग 325 सड़कों में से 150 सड़कों के एफआरए मामलों सहित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है। इसके अलावा छोटी-छोटी लगभग 100 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लोकार्पण कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऑकलैंड टनल से कामयाना तक सड़क को चौड़ा व पक्का कर दिया गया है जबकि कमयाना से आगे डुम्मी-शीडा होते हुए इस सड़क को कडेची सड़क से जोड़ने के लिए निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि गांव की सभी सड़कों को मुख्य सड़कों से जोड़ते हुए एक-दूसरे के साथ मिलाया जाए ताकि लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि महिला मंडलों को प्रोत्साहित करने के लिए 60 फूड वैन उपलब्ध कराई गई है ताकि वह अपने प्राकृतिक उत्पाद व स्वादिष्ट व्यंजन फूड वैन के माध्यम से लोगों तक पहुंचा सके। उन्होंने इलाका की महिला मंडलों से भी आग्रह किया कि यदि कोई महिला मंडल प्राकृतिक व्यंजनों का व्यवसाय शुरू करना चाहती है तो वह फूड वैन के लिए आवेदन कर सकती है।
उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में अब तक 40 से 50 बिजली के ट्रांसफार्मर नए लगाए गए हैं या अपग्रेड किए गए हैं ताकि कम वोल्टेज की समस्या को खत्म किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बिजली ट्रांसफार्मर को एक निश्चित ऊंचाई में लगाना सुनिश्चित करें ताकि करंट इत्यादि से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों के दौरान सड़कों के अतिरिक्त स्थानीय पंचायत के विकास के लिए 85 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर डीएफओ शिमला अनिकेत, बीडीओ मशोबरा अंकित कोटिया, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण विकास राजेश चंदेल, बीएमओ डॉक्टर संजय रनौत, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी नवीन कौडल, पीसीसी महासचिव सत्यजीत नेगी, कार्यकारी अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी रामकिशन शांडिल, महासचिव किसान मोर्चा कांग्रेस रणधीर वर्मा, निगम पार्षद नरेंद्र ठाकुर, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष विक्रम ठाकुर एवम् ऋषि राठौर, नायब तहसीलदार शिमला ग्रामीण चांदराम, समस्त पूर्व पंचायत प्रधान एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी महिला मंडल एवं युवक मंडल सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे ।








