राष्ट्रव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान मातृशक्ति की सुरक्षा हेतु ऐतिहासिक कदम: जयराम ठाकुर
अक्स न्यूज लाइन शिमला 27 फरवरी :
जयराम ठाकुर ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रतिवर्ष लगभग 1.15 करोड़ बालिकाओं को सुरक्षा कवच प्रदान करने का यह लक्ष्य विश्व के सबसे बड़े स्वास्थ्य अभियानों में से एक है, जो स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के कुशल प्रबंधन और प्रधानमंत्री के 'स्वस्थ भारत' के संकल्प को दर्शाता है। नेता प्रतिपक्ष ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार से पुरजोर आग्रह किया कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राज्य में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएं ताकि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों की बेटियों तक भी इस टीके की पहुँच सुनिश्चित हो सके, क्योंकि शिक्षा और जानकारी के अभाव में कई बार पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार को केंद्र से प्राप्त संसाधनों और मार्गदर्शन का अधिकतम उपयोग करते हुए इसे 'मिशन मोड' में लागू करना चाहिए ताकि हिमाचल की हर बेटी सुरक्षित हो सके। जयराम ठाकुर ने विश्वास जताया कि विज्ञान और सेवा के इस संगम से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन की दिशा में वैश्विक मिसाल कायम करेगा, जिससे न केवल महिलाओं की जीवन प्रत्याशा बढ़ेगी बल्कि देश की मातृशक्ति और अधिक सशक्त एवं ऊर्जावान होकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकेगी।




