जब हवा में अटक गई 11 सांसें , टिम्बर ट्रेल की ट्राली में आई तकनीकी खराबी से फंस गए थे पर्यटक

जब हवा में अटक गई 11 सांसें , टिम्बर ट्रेल की ट्राली में आई तकनीकी खराबी से फंस गए थे पर्यटक

- सोलन 
हिमाचल प्रदेश के परवाणू में मौजूद रोपवे (केबल कार) में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उसमें 11 टूरिस्ट फंस गए। जानकारी के मुताबिक टीटीआर होटल में रोपवे में तकनीकी खराबी आने के कारण फंसे सभी 11 पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है। 

हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस की टीम ने 11 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। बताया जा रहा है कि घटना करीब 1:45 बजे हुई। जब पर्यटक केबल कार से होटल मोक्षा से परवाणू की ओर आ रहे थे कि अचानक ट्रॉली बीच में ही फंस गई। 

इससे ट्रॉली में बैठे 11 लोगों की सांसें हवा में अटक गईं। सबसे पहले महिला सहित चार लोगों को निकाला गया। इसके बाद अन्य को रेस्क्यू किया गया। एएसपी सोलन अशोक वर्मा ने बताया कि सभी लोगों को निकाल लिया गया है। 

ऐसा ही एक मामला कसौली तहसील के परवाणू क्षेत्र में 11 अक्टूबर, 1992 में सामने आया था, जब 10 लोगों की सांसें हवा में अटक गई थी। बता दें कि उस समय 3 दिनों तक 10 लोगों की सांसें हवा में अटकी रही थी और एक व्यक्ति की मौत हुई थी।