अक्स न्यूज लाइन मंडी, 28 फरवरी :
एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत बागवानी विभाग द्वारा मंडी जिले के विकास खंड द्रंग की बरोट और चौहार घाटी के मयोट, मरखान और धरमेहड़ क्लस्टरों में 'एचपी शिवा दिवस' और पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। गत दिवस आयोजित इस कार्यक्रम में बागवानी विभाग मंडी के उप-निदेशक डॉ. संजय गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
डॉ. संजय गुप्ता ने उपस्थित किसानों को 'परसिमन' (जापानी फल) की खेती और इसकी वैज्ञानिक तकनीक के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परसिमन न केवल एक पौष्टिक फल है, बल्कि भविष्य में यह किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने स्वयं बागवानों को परसिमन का पौधा लगाने की विधि का प्रदर्शन कर जागरूक किया और इसके दीर्घकालिक वित्तीय लाभों पर चर्चा की।
डॉ. संजय गुप्ता ने विभाग की टीम द्वारा कम समय में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने दो माह पूर्व विभाग को इन क्षेत्रों में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। उनके दृष्टिकोण और विभाग की सक्रियता के चलते आज इन क्लस्टरों के लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण अभियान शुरू हो चुका है, जिसके तहत कुल 12,500 पौधे रोपित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में मयोट, मरखान और धरमेहड़ क्लस्टर के लाभार्थियों ने सरकार और बागवानी विभाग का आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि उनकी जरूरतों को समझते हुए इस प्रतिष्ठित परियोजना को उनके क्षेत्र में लाने से बागवानों में नई उम्मीद जगी है और इससे आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी द्रंग डॉ. कविता, क्लस्टर प्रभारी पूजा लोहिया, अभय चौहान, फील्ड इंजीनियर गौरव ठाकुर और फैसिलिटेटर ओम प्रकाश भी मौजूद रहे।