जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड उत्कृष्ट एनपीए प्रबंधन के लिए “Best NPA Management – Iconic Award” से सम्मानित

जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड उत्कृष्ट एनपीए प्रबंधन के लिए “Best NPA Management – Iconic Award” से सम्मानित

अक्स न्यूज लाइन शिमला 01 फरवरी :

मुंबई में 30 एवं 31 जनवरी को आयोजित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कार्यक्रम “Cooperative Banks Top 100 CXO Summit – ICONIC Leaders 2026” तथा “Digital Defense – Cybersecurity Simulation Workshop” के अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड को उत्कृष्ट एनपीए प्रबंधन के लिए “Best NPA Management – Iconic Award” से सम्मानित किया गया।

इस भव्य आयोजन में देशभर के राज्यों से ग्रामीण एवं शहरी सहकारी बैंक शामिल हुए। कड़े मूल्यांकन एवं प्रतिस्पर्धा के उपरांत जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड का इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयन होना बैंक की सुदृढ़ वित्तीय अनुशासन, प्रभावी ऋण वसूली व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन एवं उत्तरदायी प्रबंधन प्रणाली को दर्शाता है। यह उपलब्धि न केवल बैंक की कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के सहकारी बैंकिंग तंत्र की साख और प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करती है।

 

सम्मेलन के दौरान देश के प्रतिष्ठित बैंकिंग एवं सहकारी क्षेत्र के विशेषज्ञों एवं नीति निर्माताओं द्वारा Digital Defense – Cybersecurity Simulation विषय पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। डिजिटल बैंकिंग के इस दौर में साइबर सुरक्षा को लेकर आयोजित यह कार्यशाला सहकारी बैंकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिससे सुरक्षित, विश्वसनीय एवं तकनीक-सक्षम बैंकिंग सेवाओं को और अधिक मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

 

इस अवसर पर बैंक के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा तथा प्रबंध निदेशक श्री पंकज सूद की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैंक प्रबंधन ने इस सम्मान को प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन, कर्मचारियों की निष्ठा एवं समर्पण तथा खाताधारकों के विश्वास का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी जनहित, किसान हित एवं सहकारी मूल्यों के अनुरूप सशक्त बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के संकल्प को दोहराया।