अटल टनल में कोर ऑफ सिग्नल्स डेयर डेविल्स का नया विश्व रिकॉर्ड प्रयास.. 10 राइडर्स ने दो मोटरसाइकिलों पर अटल टनल पार कर स्थापित किया नया कीर्तिमान
अक्स न्यूज लाइन शिमला 02 जुलाई :
भारतीय सेना के कोर ऑफ सिग्नल्स द्वारा संचालित "व्हील्स ऑफ वैलर : संचार शक्ति" मोटरसाइकिल अभियान अपनी राष्ट्रव्यापी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए 30 जून को पलचन पहुँचा। अभियान के अगले चरण में 01 जुलाई को कोर ऑफ सिग्नल्स की डेयर डेविल्स टीम ने विश्व की सबसे लंबी 10,000 फीट से अधिक ऊँचाई पर स्थित राजमार्ग सुरंग अटल टनल, रोहतांग में एक नया विश्व रिकॉर्ड प्रयास कर इतिहास रच दिया।
इस साहसिक प्रदर्शन में 10 राइडर्स ने मात्र दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 9.8 किलोमीटर लंबी अटल टनल को केवल 9 मिनट 47.97 सेकंड में पार किया। समुद्र तल से 10,075 फीट की ऊँचाई पर सम्पन्न इस अद्भुत प्रदर्शन ने असाधारण संतुलन, अद्वितीय समन्वय, धैर्य, साहस, टीम भावना तथा उच्च स्तरीय व्यावसायिक कौशल का परिचय दिया।
यह उपलब्धि कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में कोर ऑफ सिग्नल्स डेयर डेविल्स द्वारा नियोजित अनेक विश्व रिकॉर्ड प्रयासों की श्रृंखला का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है। पिछले कई महीनों से टीम द्वारा कठोर प्रशिक्षण, व्यापक अभ्यास एवं सूक्ष्म तकनीकी तैयारियों के बाद यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई, जो भारतीय सशस्त्र सेनाओं के साहस, बलिदान और गौरवशाली परंपराओं को समर्पित है।
विश्व रिकॉर्ड प्रयास के दौरान सभी सुरक्षा मानकों एवं परिचालन प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन किया गया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा संबंधित एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित कर पूरे कार्यक्रम का संचालन किया गया, जिससे डेयर डेविल्स टीम, आयोजन से जुड़े सभी कार्मिकों तथा आम नागरिकों की सुरक्षा हर स्तर पर सुनिश्चित की जा सकी। इस सफल आयोजन ने भारतीय सेना की अनुशासित, सुरक्षित एवं पेशेवर कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
सिग्नल ऑफिसर-इन-चीफ एवं कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विवेक डोगरा, सेना मेडल ने संपूर्ण कोर ऑफ सिग्नल्स की ओर से इस ऐतिहासिक उपलब्धि के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने हेतु जिला प्रशासन मनाली, हिमाचल प्रदेश पुलिस, महानिदेशक सीमा सड़क संगठन (DGBR), प्रोजेक्ट योजक, प्रोजेक्ट दीपक तथा 38 बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स (38 BRTF) का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों के उत्कृष्ट समन्वय एवं सहयोग ने इस विश्व रिकॉर्ड प्रयास को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह उपलब्धि कोर ऑफ सिग्नल्स के गौरवशाली इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है। यह भारतीय सेना द्वारा साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की उस व्यापक पहल के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य सैनिकों में शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व, टीम भावना एवं परिचालन दक्षता को और अधिक सुदृढ़ करना है। कोर ऑफ सिग्नल्स ने इस दृष्टिकोण को पूर्ण समर्पण के साथ अपनाते हुए साहसिक गतिविधियों को सैन्य उत्कृष्टता और राष्ट्रसेवा से जोड़ा है।
"व्हील्स ऑफ वैलर : संचार शक्ति" अभियान केवल विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश में युवाओं, पूर्व सैनिकों एवं नागरिकों के बीच राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश भी पहुँचा रहा है। युद्ध स्मारकों, सैन्य प्रतिष्ठानों, संचार केंद्रों तथा शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से यह अभियान भारतीय सेना एवं कोर ऑफ सिग्नल्स की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुँचा रहा है तथा युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित कर रहा है।
अटल टनल में किया गया यह विश्व रिकॉर्ड प्रयास केवल मोटरसाइकिल कौशल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय सेना की साहसिक भावना, अनुशासन, नवाचार, उत्कृष्ट टीमवर्क एवं परिचालन दक्षता का जीवंत प्रतीक है। यह उपलब्धि कोर ऑफ सिग्नल्स के आदर्श वाक्य "Swift, Secure and Connected" को साकार करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति उसके अटूट संकल्प को पुनः स्थापित करती है।




