भाजपा का सच्चा कार्यकर्ता अडिग, कांग्रेस का ‘जॉइनिंग ड्रामा’ पूरी तरह बेनकाब — संदीपनी भारद्वाज
अक्स न्यूज लाइन शिमला 02 जुलाई :
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने का दावा पूरी तरह झूठ, दिखावा और जनता को गुमराह करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज रामपुर के ताजा मामले ने कांग्रेस के इस पूरे "जॉइनिंग ड्रामे" की पोल खोल दी है।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को कांग्रेस भाजपा का कार्यकर्ता बताकर अपनी पार्टी में शामिल होने का दावा कर रही है, उसी व्यक्ति ने अपनी प्रेस वार्ता में स्वयं स्वीकार किया कि वह पहले भी कांग्रेस का सिपाही था और आज भी कांग्रेस में ही शामिल हुआ है। इससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस अपने ही कार्यकर्ताओं को भाजपा का बताकर झूठा माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता का ध्यान अपनी जनविरोधी नीतियों, विफलताओं और भ्रष्टाचार से हटाने के लिए इस तरह के राजनीतिक नाटक कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा है और कांग्रेस के झूठे प्रचार से प्रभावित होने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ स्वार्थी और अवसरवादी लोग राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे हथकंडे अपनाते हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। कांग्रेस का यह झूठा नैरेटिव अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।
संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब देगी और भाजपा एक बार फिर जनता के विश्वास के साथ प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।




