हिमाचल को कर्ज तले दबा रही कांग्रेस, 12 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्जा और लेने की तैयारी : अनुराग ठाकुर

हिमाचल को कर्ज तले दबा रही कांग्रेस, 12 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्जा और लेने की तैयारी : अनुराग ठाकुर

अक्स न्यूज9लाइन -- हमीरपुर, 11 अप्रैल  2023
हिमाचल प्रदेश में मात्र तीन महीने के अंदर हजारों करोड़ का कर्जा सरकार द्वारा ले लिया गया है। अब 12 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्जा और लेने की तैयारी है। हिमाचल को कर्जे में डूबना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता लग रही है। अपने खर्चे कम करने के बजाय सीपीएस की नियुक्ति करना सरकार की सोच पर प्रश्र चिन्ह लगाता है। जो मंत्री हैं, वे संतुष्ट नहीं हैं, और जो सीपीएस हैं, वे लीगल नहीं हैं। 
हमीरपुर प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। सोमवार को अपने समीरपुर स्थित आवास पर केंद्रीय मंत्री ने जनसमस्याओं की सुनवाई की। इसके पश्चात मीडिया से वार्तालाप करते हुए श्री ठाकुर ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी राय दी। 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेसी सत्ता में आते ही मजे लूटते हैं। बड़े-बड़े पदों पर रहकर बड़ी-बड़ी गाडिय़ां बंगले और ऐशो आराम लेते हैं और जनता के लिए कुछ नहीं करते। उन्होंने कहा कि जनता अभी से ठगा हुआ महसूस कर रही है और हिमाचल पिछड़ रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू व राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि देश में बिलकुल सुक्खू और राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी है।
इसी बढ़ी हुई लोकप्रियता के कारण गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने रिकॉर्ड 152 सीटें जीतीं। कांग्रेस लीडर व भूतपूर्व सांसद राहुल गांधी को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी अयोग्य घोषित हुए हैं। उन्होंने पिछड़े समाज का अपमान किया और अहंकार में माफ़ी भी नहीं मांगी। 
वह बोलते हैं कि गांधी माफ़ी नहीं मांगते। अभी अपील करने गए तो कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को साथ लेकर गए, जबकि वो अपील बिना गए भी दायर की जा सकती थी। अनुराग ने कहा कि राहुल गांधी अवमानना के सात अलग-अलग मुकदमों में जमानत पर हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की हालत इतनी खराब है कि अरविंद केजरीवाल सदमे में चले गए हैं और अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। वह प्रधानमंत्री के खिलाफ गाली-गलौज तक कर रहे हैं।