हिमाचल के लोग विशाल हृदय वाले : प्रियंका गांधी

हिमाचल के लोग विशाल हृदय वाले : प्रियंका गांधी

सोलन 
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश के सोलन से विधानसभा चुनाव के शंखनाद से पहले सोलन के प्रसिद्ध मां शूलिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) की बहाली को लेकर क्रमिश अनशन कर रहे एनपीएस कर्मचारियों से मिलने पहुंचीं और उनकी मांगों को सुना। संघ ने प्रियंका गांधी को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसके बाद ठोडो मैदान पहुंचने पर उन्होंने पार्टी का प्रचार गीत जारी किया। परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली को संबोधित किया। प्रियंका ने इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली, युवाओं को रोजगार, बागबानों व किसानों को फसल के दाम, आम जनों को महंगाई से राहत, महिला शक्ति की भागीदारी व प्रदेश के विकास का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि कई नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हिमाचल से लगाव का जिक्र किया था। प्रियंका ने कहा कि उन्होंने निधन से पूर्व इच्छा जताई थी की मेरी अस्थियां हिमालय में भी विसर्जित करना, मेरे पिता ने उनकी इच्छा पूरी की, इसलिए मैंने भी शिमला में घर बनाया। हिमाचल को पूर्व प्रधानमंत्री ने इसलिए प्रदेश बनाया क्योंकि वो जानती थीं हिमाचल के लोग विशाल हृदय वाले होते हैं।