नाहन में राज्यस्तरीय समारोह में 16 विभूतियों को मिला सम्मान, सामाजिक संगठन शंखनाद ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिया सम्मान

अक्स न्यूज लाइन नाहन 10 मई :
सामाजिक संस्था शंखनाद संगठन द्वारा आज सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में राज्य स्तरीय विशिष्ट सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली 16 विभूतियां को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री अवार्डी विद्यानंद सरैक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
सम्मान समारोह के दौरान एक बहुभाषी कवि सम्मेलन भी आयोजित हुआ जिसमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से कवि,साहित्यकार और शिक्षाविद पहुंचे।
मीडिया से बात करते हुए पद्मश्री अवार्डी विद्यानंद सरैक ने शंखनाद सामाजिक संगठन द्वारा आयोजित किए गए सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा साहित्यिक, गायन,नाट्य और लुप्त हो रही बहुरंगी विधाओं को संजोए रखने में यह संगठन अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है।
पद्मश्री अवार्डी ने यह भी कहा कि आज सीमाओं पर हमारी सेनाएं बुलंदी के साथ आतंकवाद का सामना कर रही है उसके पीछे साहित्य सृजन उनको चेतना,आत्मसम्मान और आत्मगौरव देने का काम करता है।
शंखनाद संगठन के निदेशक श्रीकांत अकेला ने कहा कि उनका संगठन कला ,संस्कृति, भाषा, संगीत, रंगमंच और लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगो के सम्मान के लिए हर वर्ष इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करता है। साथ ही संगठन द्वारा समाज सेवा से जुड़े कई कार्य भी समय-समय पर किए जाते है।