हमीरपुर और ऊना में चोरी छिपे हो रही थी अफीम की खेती , पुलिस ने उखड़े अफीम के 409 पौधे, आरोपी गिरफ्तार

हमीरपुर और ऊना में चोरी छिपे हो रही थी अफीम की खेती , पुलिस ने उखड़े अफीम के 409 पौधे, आरोपी गिरफ्तार

अक्स न्यूज लाइन --हमीरपुर  ,  15 अप्रैल  2023
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के नादौन में गांव बुढाणा में पुलिस ने छापा मार कर अफीम के पौधे, डोडे और ड्रग मनी पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एसएचओ योग राज चंदेल के नेतृत्व में बुढाणा गांव के संजीव कुमार उर्फ जहाजी पुत्र हरि चंद के घर छापेमारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने उसके मकान के आगे और पीछे बनी क्यारियों में अफीम के करीब 350 पौधे लगे देखे। इसके अलावा जब घर की तलाशी ली गई तो अफीम के 625 डोडे भी पकड़े। इसके अलावा आरोपी के घर से 1 लाख 23 हजार रुपए नकद कैश भी बरामद किया। 
 
पुलिस ने इस आरोप में संजीव कुमार जहाजी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अफीम के पौधों को भी नष्ट कर दिया। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने बताया कि पुलिस ने बुढाणा गांव के संजीव कुमार के घर छापेमारी की। इस दौरान अफीम के करीब 350 पौधे क्यारियों में लगे मिले। मकान की तलाशी ली तो उसके घर से 625 डोडे अफीम के तथा 1 लाख 23 हजार कैश बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 
 
उधर ऊना में भी पुलिस ने अफीम के पौधे बरामद किये है। ऊना जिले के जाडला कोयड़ी में अफीम की अवैध खेती करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने खेत से अफीम के 59 पौधे पकड़े। खेत के मालिक से पूछताछ की। गगरेट थाना में जाडला कोयड़ी की रेखा देवी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 
 
पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने  बताया कि शुक्रवार शाम पुलिस थाना गगरेट के मुलाजिम जाडला कोयड़ी में गश्त और यातायात चैकिंग पर थे। इस दौरान पुलिस को किसी से अफीम की खेती होने की गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने खेत की छानबीन की। इस दौरान खेत से 59 पौधे अफीम के मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त करके कार्रवाई की।