अक्स न्यूज लाइन कुल्लू, 25 अप्रैल :
राष्ट्रपति के प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश दौरे के दृष्टिगत जिला कुल्लू में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के दृष्टिगत साहसिक खेलों(गतिविधियों) पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी, कुल्लू द्वारा जारी आदेशों के अनुसार जिले में संचालित सभी प्रकार की एडवेंचर गतिविधियां, जैसे पैराग्लाइडिंग, जिपलाइन तथा हॉट एयर बैलून आदि को 28 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 तक बंद रखा जाएगा।
डीटीडीओ ने कहा कि यह प्रतिबंध विशेष रूप से सोलंग नाला, मरही, गुलाबा तथा मझाच शणाग क्षेत्रों में लागू रहेगा, जहां इन गतिविधियों का संचालन किया जाता है। उन्होंने सभी संबंधित ऑपरेटरों एवं संगठनों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आदेशों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों/संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।