रात के अंधेरे में खैर के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी , तीन वन काटू गिरफ्तार, दो फरार

रात के अंधेरे में खैर के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी , तीन वन काटू गिरफ्तार, दो फरार

- कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के देहरा में आधी रात को वन विभाग देहरा की टीम ने तीन वन काटुओं को खैर के पेड़ों को काटते हुए पकड़ा है। दो वन काटू अभी भी फरार हैं। लगभग छह महीनों से इन वन काटुओं ने वन विभाग की नींद हराम कर के रखी थी। 

सनोट तलाई के जंगलों में सोमवार को देर रात पुलिस ने अवैध रूप से खैर के पेड़ काटने वाले तीन वन काटुओं को दबोच लिया है। रात को गश्त पर निकले वन विभाग की टीम को देखकर कुछ लोग जंगल में भागने लगे। वन विभाग की टीम ने भागते हुए तीन वन काटुओं को दबोच लिया। 

खैर के पेड़ों को काटने में इस्तेमाल की गई आरियों व एक गाड़ी को भी कब्जे में लिया है। इसकी सूचना तुरंत फारेस्ट विभाग के रेंज ऑफिसर सुभाष शर्मा ने पुलिस को भी दी। उन्होंने इसकी सूचना देहरा थाना में दी। मौके पर पहुंचे देहरा पुलिस के कर्मचारियों ने उन व्यक्तियों को दबोच लिया। 

पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया है। सूचना के मुताबिक उक्त गिरोह द्वारा एक खैर का पेड़ काट लिया गया था, जिसे कब्जे में ले लिया गया है मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने उक्त व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। 

डीएफओ देहरा सन्नी वर्मा ने बताया कि वन परिक्षेत्र देहरा के कर्मचारियों द्वारा रात छापेमारी के दौरान तीन वन तस्करों और एक इंडिका कार को पकड़ा है। वन अधिकारी विगत छह माह से लगातार इन संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं। 

बीती रात सीएफएस में छापेमारी के दौरान पेड़ ( खैर ) के तस्करों ने वन अधिकारियों को देखा और भाग गए। इसके बाद तस्करों के घटना स्थल पर वापस आने के लिए वन अधिकारियों ने 2 घंटे तक उनका इंतजार किया। 

लगभग 12 :30 बजे तस्करों ने आकर फिर से पेड़ काटने शुरू कर दिए। इसी दौरान वन अधिकारियों ने तीन  तस्करों को रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं, दो तस्कर अंधेरे को फायदा उठाकर भाग गए। डीएफओ देहरा सनी वर्मा ने कहा कि इस प्रकार का अवैध कार्य करने वाले कभी बख्शे नहीं जाएंगे।