हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, काला-अंब में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, काला-अंब में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया


अक्स न्यूज लाइन कालाअंब 9 मार्च :

हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशन्स के अंतर्गत हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, काला-अंब में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके योगदान और उनके सशक्तिकरण के महत्व को उजागर करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अपर्णा बंसल, ऑपरेशन हेड, हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशन्स रहीं। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. शाहिना अंसारी, प्रिंसिपल, एजुकेशन डिपार्टमेंट, हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशन्स थीं। वहीं श्रीमती पी. राज लक्ष्मी, प्रिंसिपल, हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, काला-अंब कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में डॉ. जोगिंदर, निदेशक, हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशन्स, काला-अंब ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के बिना किसी भी समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर प्रदान करना समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है।

इसके पश्चात प्रो. (डॉ.) राम बाबू शर्मा, प्रिंसिपल, हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, काला-अंब ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की महिलाएं विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और व्यवसाय जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती अपर्णा बंसल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि एक सशक्त महिला न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, शिक्षा और दृढ़ संकल्प के माध्यम से महिलाएं हर चुनौती का सामना कर सकती हैं।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. शाहिना अंसारी ने महिलाओं के अधिकार, समानता और सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलता है तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य आता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी महिला सशक्तिकरण से जुड़े विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।