एचएएस संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम घोषित, 16 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

एचएएस संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम घोषित, 16 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

- शिमला 

हिमाचल प्रदेश सरकार को सात प्रशासनिक अधिकारी (एचएएस) और चार पुलिस अधिकारी (एचपीएस) और मिल गए हैं। मंगलवार को लोकसेवा आयोग ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2020 का परिणाम जारी किया। कुल 16 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। 

हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा और हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा के अलावा एक तहसीलदार, एक बीडीओ , एक जिला नियंत्रक और दो सहायक पंजीयक भी बने हैं। सितंबर 2021 में प्रारंभिक परीक्षा और दिसंबर 2021 में इन पदों के लिए मुख्य लिखित परीक्षा हुई थी। 

15 से 21 जून तक मुख्य परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए। एचएएस पद के लिए अभिषेक बरवाल , कुनिका , दीक्षित राणा, विपिन कुमार, चिराग शर्मा, अमनदीप सिंह और पूजा अधिकारी का चयन हुआ है। रश्मि शर्मा, मयंक शर्मा, क्षितिज राणा और उमेश्वर राणा का चयन एचपीएस के लिए हुआ है। 

कार्तिकेय शर्मा जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति, अभिषेक शर्मा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), मुनीश कुमार तहसीलदार पद के लिए चयनित हुए हैं। भास्कर कालिया व गिरीश नड्डा का चयन अतिरिक्त रजिस्ट्रार कोआपरेटिव सोसाइटी (एआरसीएस) पद पर हुआ है। 

राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव देवेंद्र कुमार रतन ने बताया कि आयोग की वेबसाइट पर परीक्षा परिणाम अपलोड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सुनने में अक्षम श्रेणी से एचएएस के एक पद और सामान्य एक्स सर्विसमैन श्रेणी से बीडीओ का एक पद अभी नहीं भरा गया है।


                                                                                ---------------------