अक्स न्यूज लाइन शिमला 1 नवंबर :
आज गुरू तेग बहादुर जी महाराज के सर्वोच्च बलिदान के 350 वर्ष पूर्ण होने पर शिमला में भव्य नगर कीर्तन व पाठ का आयोजन किया गया। इस मौके पर डाॅ. राजीव बिन्दल, प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि हिन्द की चादर गुरू तेग बहादुर जी महाराज ने धर्म की रक्षा के लिए, धर्म की स्वतंत्रता के लिए अपना शीश बलिदान कर दिया जो दुनिया में सर्वोच्च बलिदान है। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि आज से 350 वर्ष पूर्व काश्मीर ब्राह्मण रोते-बिलखते गुरू तेग बहादुर जी महाराज की शरण में आए और उनसे धर्म की रक्षा की गुहार लगाई। गुरू तेग बहादुर जी महाराज ने हिन्द की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया। पूरा भारत वर्ष गुरू साहिबान का सदा-सदा ऋणी रहेगा। उनके बलिदान को स्मरण करते हुए हम सब हिमाचलवासी शत-शत नमन करते हैं, प्रणाम करते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने नगर कीर्तन की यात्रा में शेर ए पंजाब से रीज तक 2 घंटे चले। जहां गुरु जी की पालकी पर जोरदार पुष्प वर्षा की गई। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर को धार्मिक स्वतंत्रता और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए उनके अद्वितीय और सर्वोच्च बलिदान के लिए याद किया जाता है। उन्होंने अपना सिर दे दिया, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने किसी एक धर्म की नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा के लिए शहादत दी, जिसके कारण उन्हें 'हिंद की चादर' कहा जाता है।
साहस और विश्वास का संदेश: उनकी शहादत ने दिखाया कि धर्म और विश्वास को बचाने के लिए कुर्बानी और हौसला सबसे बड़ी ताकत है। यह साहस और एकता का कालातीत संदेश है।