पांच घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किये चूड़धार के जंगल में भटके देहरादून के पर्यटक

पांच घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किये  चूड़धार के जंगल में भटके देहरादून के पर्यटक

अक्स न्यूज लाइन ..नाहन 15 मार्च 2023
देहरादून से चूड़धार पहुंचे दो टूरिस्ट
 करीब आठ घंटे से अधिक समय तक चूड़धार के घने जंगल में भटक गए। पुलिस व स्थानीय लोगों ने करीब पांच घंटे तक जंगल में रेस्क्यू अभियान चलाया। बीते सोमवार आधी रात करीब दो बजे दोनों सैलानियों को रेस्क्यू किया गया। इन दिनों यात्रा पर रोक है, लेकिन इसके बावजूद भी दोनों चूड़धार की यात्रा पर पहुंचे। 
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रहने वाले आशुतोष और रोहित लेखावर 12 मार्च को घूमने चूड़धार आए थे। शाम करीब चार बजे वह सराहं के रास्ते से वापस देहरादून लौट रहे थे। मगर चूड़धार के घने जंगल में रास्ता भटक गए। इन दोनों ने पुलिस से संपर्क साधने के भी प्रयास किया। मगर जंगल में नेटवर्क न होने के कारण उनकी मुश्किलें और अधिक बढ़ गई। 
भटकते भटकते वह ऐसे स्थान पर पहुंच गए जहां पर नेटवर्क मिलने के बाद तुरंत 112 नंबर पर कॉल करके उन्होंने पुलिस से मदद मांगी। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस की टीम तुरंत चूड़धार के जंगल के लिए रवाना हुई। रात भर जंगल का चप्पा चप्पा छानने के बाद आधी रात को दोनों पर्यटकों को जंगल से रेस्क्यू किया गया
आशुतोष व रोहित ने बताया कि रास्ता भटक जाने के बाद वह घने जंगल में ऐसे स्थान पर पहुंच गए थे, जहां से उन्हें यह भी पता नहीं चल पा रहा था कि वह किधर से आए है और कहां जाना है। वह ऐसी जगह फंस गए थे जहां न आगे को रास्ता था और नीचे ऊपर खतरनाक ढाक थे। सैलानियों ने बताया कि वह रात भर भूखे प्यासे भटकते रहे।