जिला हमीरपुर के प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री ने जारी किए 14 करोड़ रुपये

जिला हमीरपुर के प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री ने जारी किए 14 करोड़ रुपये

अक्स न्यूज   लाइन .. हमीरपुर, 26  नवम्बर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस वर्ष बरसात के दौरान भारी बारिश, भू-स्खलन तथा बाढ़ से आई आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए ‘पुनर्वास’ कार्यक्रम के तहत आज हमीरपुर जिला में आपदा प्रभावित परिवारों को 14 करोड़ रुपए से अधिक की राहत राशि प्रदान की, जिनमें 122 परिवारों को मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने पर पहली किस्त के रूप में 3-3 लाख रुपए जारी किए। ऐसे परिवारों को कुल पहली किस्त के रूप में 3.66 करोड़ रुपए जारी किए गए।

मुख्यमंत्री ने जिला के दो बेघर परिवारों को भूमि के दस्तावेज सौंपे तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए 555 मकानों की मरम्मत के लिए 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्हें कुल 5.55 करोड़ की राशि जारी की गई। इसके अलावा उन्होंने प्रभावित 8 दुकानों और ढाबों मालिकों को भी एक-एक लाख रुपए की मुआवजा राशि प्रदान की। उन्होंने क्षतिग्रस्त 622 गौशालाओं की मरम्मत के लिए 3.11 करोड़ रुपए, आपदा में अपना सामान गंवा चुके 71 परिवारों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।

इसके अलावा आपदा के कारण जिला हमीरपुर में क्षतिग्रस्त हुई 1103 कनाल भूमि की एवज में 10 हजार रुपए प्रति बीघा की दर से कुल 55 लाख रुपए तथा 1760 कनाल भूमि पर किसानों की फसल को हुए नुकसान पर 4 हजार रुपए प्रति बीघा की दर से 35.20 लाख रुपए की मुआवजा राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने 27 पशुओं की मृत्यु पर पशुपालकों को 8 लाख रुपए की राशि जारी की।

उन्होंने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग में पेपर बेचे गए जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने इसे भंग कर दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती घोटाला, 100 करोड़ रुपये का खनन घोटाला तथा 2500 करोड़ का क्रिप्टो करंसी घोटाला हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पोस्ट कोड 817 और 939 की भर्ती का मामला पिछले कई वर्षों से न्यायालय में लम्बित था, लेकिन राज्य सरकार के प्रयासों से इन मामलों की सुनवाई में तेजी आई और जल्द ही इन भर्ती परिक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने श्रीनिवास रामानुजन डिजिटल स्टूडेंट योजना के तहत जिला हमीरपुर के 13 मेधावी विद्यार्थियों को टेबलेट भी प्रदान किए।

विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि भाजपा ने आपदा के दौरान मात्र राजनीति की और विधानसभा में लाए गए प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों के लिए राज्य सरकार का 4500 करोड़ रुपये विशेष राहत पैकेज पूरे देश के लिए मिसाल है, जबकि केंद्र से कोई भी मदद नहीं मिली है। 

विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि आपदा के दौरान प्रदेश में जान-माल का भारी नुकसान हुआ, जिससे कई परिवार बुरी तरह से प्रभावित हुए। उन्होंने त्रासदी के दौरान हिमाचल प्रदेश को सक्षम नेतृत्व प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी और कहा कि उन्होंने लोगों के बीच जाकर लोगों की मदद की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए राज्य सरकार ने विधानसभा प्रस्ताव में प्रस्ताव लाया लेकिन भाजपा ने इसका समर्थन नहीं किया।

विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू रात-दिन प्रदेश की सेवा में जुटे हैं। जब आपदा आई तो मुख्यमंत्री ने ग्राउंड जीरो पर रहकर आवश्यक सेवाओं को बहाल करवाया। 

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जन कल्याण की एक इबारत लिखना शुरू की और प्रदेश के अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरंभ की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आपदा में किए गए कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सराहना की।
इससे पूर्व, उपायुक्त हेमराज बैरवा ने मुख्यमंत्री का हमीरपुर पधारने पर स्वागत किया और आपदा के दौरान जिला में उठाए गए कदमों की विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने आपदा राहत कोष के लिए बाबा बालक नाथ ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को 5 करोड़ रुपए का चेक भेंट किया। कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी आपदा राहत के लिए 89 लाख रुपए का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया। पेंशनर संघ ने भी 71 हजार रुपए का चेक भेंट किया।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि भी अर्पित की।

इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा व अभिषेक राणा, पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
.0.