चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, संकट में बच्चों के लिए जीवन रेखा

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, संकट में बच्चों के लिए जीवन रेखा

अक्स न्यूज लाइन बिलासपुर 19 मार्च : 

राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का एक जागरूकता स्टाॅल लगाया गया है, जिसका उद्देश्य आमजन को बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए आमजन इस स्टाॅल का अवलोकन कर सकते हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एक 24 घंटे निःशुल्क राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा है, जिसके माध्यम से कोई भी बच्चा या जागरूक नागरिक संकट की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि यह सेवा उन बच्चों के लिए कार्य करती है, जो शारीरिक या मानसिक शोषण, यौन उत्पीड़न, बाल मजदूरी, बाल विवाह, तस्करी, परित्याग, लापता होने या भावनात्मक संकट जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हों।

उन्होंने बताया कि मेले में लगाए गए इस स्टाॅल के माध्यम से लोगों को 1098 हेल्पलाइन के महत्व, कार्यप्रणाली तथा बच्चों से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है, ताकि आपातकाल के दौरान तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। हेल्पलाइन पर कॉल प्राप्त होते ही प्रशिक्षित काउंसलर स्थिति का आकलन करते हैं और आवश्यकता अनुसार संबंधित विभागों, पुलिस तथा गैर-सरकारी संगठनों को सूचित किया जाता है। जरूरत पड़ने पर बच्चों के रेस्क्यू, सुरक्षित आश्रय और पुनर्वास की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाती है। कॉल करने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

महिला एवं बाल विकास विभाग, हिमाचल प्रदेश तथा जिला बाल संरक्षण इकाई ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं कोई बच्चा संकट में दिखाई दे तो तुरंत 1098 पर कॉल करें। एक छोटी सी पहल किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित बना सकती है।