हमारी संस्कृति भिन्नता में एकता का अनूठा संगम ...... जगत सिंह नेगी ने...... तोशिम 2023 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत....

हमारी संस्कृति भिन्नता में एकता का अनूठा संगम ...... जगत सिंह नेगी ने...... तोशिम 2023 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत....

अक्स न्यूज लाइन ..शिमला, 04 जुलाई - 2023
 प्रदेश सरकार के राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री ने आज छात्र कल्याण संघ किन्नौर द्वारा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित "तोशिम 2023" कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।  
कैबिनेट मंत्री द्वारा महात्मा बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा जॉनाम मोनिस्ट्री के लामाओं द्वारा मंत्रोच्चारण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।  "तोशिम" कार्यक्रम में किन्नौर छात्र कल्याण संघ के छात्र-छात्राओं द्वारा किन्नौरी डांस व नाटियों के साथ साथ स्पीति डांस, योग तथा अन्य प्रस्तुतियां दी गई।
इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने छात्र कल्याण संघ के अध्यक्ष अविराग नेगी सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों को तोशिम के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश भिन्न-भिन्न रंगों व रूपों में बसा हुआ प्रदेश है, यहां के विभिन्न क्षेत्रों में बसे लोगों की अपनी-अपनी संस्कृति, व्यवहार, प्रथाएं व परंपराएं है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति भिन्नता में एकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करती है।  उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी पुरानी संस्कृति को आगे बढ़ाने में  सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालय में बिताया गया समय सदा याद रहता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े और अपने जीवन के लक्ष्य को हासिल करें।
उन्होंने तोशिम कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को एक लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की।
छात्र कल्याण संघ किन्नौर की उपाध्यक्ष सविता नेगी ने मुख्यातिथि एवं अन्य गणमान्यों का स्वागत करते हुए कल्याण संघ द्वारा किए जा रहे कार्यों सहित सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
कैबिनेट मंत्री ने किन्नौर जिला से सम्बन्धित विभिन्न विषयों में उपलब्धि हासिल करने वाले उत्कृष्ट बच्चों एवं उच्च नौकरी प्राप्त करने वाले व्यक्तियों तथा सबसे ज्यादा रक्तदान करने वाले तेजू नेगी तथा गोलू किन्नौरा टीम को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक जेसी नेगी, संयुक्त सचिव पीपी नेगी, ईसी सदस्य राजकुमारी,  पीसीसी सचिव प्रताप नेगी, उपाध्यक्ष जिला परिषद प्रिया नेगी एवं अन्य  जिला परिषद सदस्य, किन्नौर जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज नेगी, जनजातीय परिषद के पदाधिकारी, एनएसयूआई के समस्त पदाधिकारी, छात्र कल्याण संघ किन्नौर के अध्यक्ष अविराग नेगी, उपाध्यक्ष सविता नेगी, महासचिव सनम नेगी सहित अन्य पदाधिकारी, जिला किन्नौर कॉन्ट्रैक्ट यूनियन के पदाधिकारी, लाहौल स्पीति एवं पांगी कल्याण संघ के पदाधिकारी, शिक्षक व गैर शिक्षक कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय की अन्य संघों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।


आपदाओं से निपटने को सुदृढ़ किया जाएगा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल: जगत सिंह नेगी
अक्स न्यूज लाइन ..शिमला, 04 जुलाई - 2023
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में संभावित आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
जगत सिंह नेगी ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में नए रंगरूट भर्ती किए जा रहे हैं। कुल 126 जवानों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की सातवीं बटालियन द्वारा भटिंडा में प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसके उपरान्त इन जवानों को विभिन्न स्थानों पर आधुनिक प्रशिक्षण के लिए भी भेजा गया है। इन्हें विभिन्न आपदाओं के लिए त्वरित राहत प्रदान करने के लिए अद्यतन कौशल और उपकरणों के उपयोग के बारे में जानकारी भी प्रदान की गई है। प्रदेश की आवश्यकताओं तथा परिस्थितियों के अनुसार आपदा प्रबन्धन सेल के परामर्श के साथ विशेषज्ञ प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित किया जाएगा।  
राजस्व मंत्री ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा कांगड़ा के पालमपुर, मण्डी के पंडोह तथा शिमला के कटासनी में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की बटालियन के भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। उन्होंने मण्डी तथा शिमला से सम्बंधित भूमि के लिए वन संरक्षण अधिनियम का मामला परिवेश पोर्टल पर 15 जुलाई, 2023 तक अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदाओं के दौरान होने वाले नुकसान को न्यून करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बरसात के दौरान प्राधिकरण को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चन्द शर्मा, निदेशक एवं विशेष सचिव राजस्व-आपदा प्रबन्धन डी.सी. राणा, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के एसपी (अतिरिक्त कार्यभार) शमशेर सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
.0.