कृषि शिक्षा भी हो सकती है उज्जवल भविष्य का आधार : डा. पंकज मित्तल

कृषि शिक्षा भी हो सकती है उज्जवल भविष्य का आधार : डा. पंकज मित्तल

अक्स न्यूज लाइन नाहन 19 जनवरी : 

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाहन के कक्षा छ: से आठवीं तक के 51 छात्रों ने अपने चार अध्यापकों के साथ शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर (धौलाकुआं) का भ्रमण किया और कृषि विज्ञान केंद्र में क्रियान्वित कृषि से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के विषय में अपना ज्ञानवर्धन किया।

छात्रों ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी एवं प्रधान वैज्ञानिक डा. पंकज मित्तल के साथ संवाद के दौरान कृषि शिक्षा प्राप्त करने के विषय में और कृषि को अपना भविष्य बनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की। छात्रों कृषि विज्ञान केंद्र के फार्म के भ्रमण के दौरान विभिन्न फसलों और उनके अनुसंधान के विषय में जानकारी प्राप्त की।

तत्पश्चात पशुपालन प्रदर्शन इकाई में पशुपालन वैज्ञानिक डा. हर्षिता सूद ने छात्रों को गाय की देसी नस्लों रेड सिंधी और साहीवाल के वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। छात्रों ने कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर द्वारा किसान कल्याण हेतु चलाई जा रही अन्य गतिविधियों के विषय में भी जानकारी प्राप्त की।