नाहन :अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय, नाहन में योग दिवस की पूर्व संध्या पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

नाहन :अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय, नाहन में योग दिवस की पूर्व संध्या पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9

 अक्स न्यूज लाइन नाहन 20 जून :
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय, नाहन में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम " स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक आयु वर्ग को योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक एवं प्रधानाचार्या  देविंदर कौर साहनी द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकगणों को योग शपथ दिलाकर किया गया। शपथ के माध्यम से सभी ने जीवन में संतुलित एवं सकारात्मक मानसिक अवस्था बनाए रखने, अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास करने तथा स्वयं, परिवार, कार्यस्थल, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। साथ ही शांति, स्वास्थ्य एवं सद्भाव को बढ़ावा देने तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रतिज्ञा भी ली।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने योग के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए तथा योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने योग, स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगासन एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन करते हुए नियमित योगाभ्यास के लाभों को समझा तथा स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने “करें योग, रहें निरोग”, “स्वस्थ तन-मन की पहचान, योग बने जीवन का सम्मान” तथा “योग अपनाएं, स्वास्थ्य बढ़ाएं” जैसे नारों के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य एवं योग के प्रति जागरूक किया।
विद्यालय की निदेशक एवं प्रधानाचार्या  देविंदर कौर साहनी ने अपने  समापन संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित एवं अनुशासित जीवन जीने की कला है। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर होना चाहिए।
विद्यालय के चेयरमैन  अनिल जैन एवं महासचिव सचिन जैन ने अपने संयुक्त संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारतीय ज्ञान परंपरा के वैश्विक महत्व को दर्शाता है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन को भी शांति एवं स्थिरता प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के सभी वर्गों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।