दूध के नमूनों में मिले डिटर्जेंट अवशेष, खाद्य सुरक्षा विभाग ने दी सख्त चेतावनी
अक्स न्यूज लाइन कुल्लू 12 जून :
कुल्लू, 12 जून : अधिकांश नमूनों में डिटर्जेंट अवशेष पाए जाने का मामला सामने आया है। विभाग ने इसे गंभीर विषय मानते हुए दूध विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी है और भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कुल्लू अनिल शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीम सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शुक्रवार सुबह भुट्टी चौक में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 15 दूध के नमूनों और एक पनीर के नमूने की जांच की गई। अभियान का उद्देश्य फिलहाल जागरूकता एवं निगरानी रहा, इसलिए तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के बजाय संबंधित विक्रेताओं को सुधार का अवसर प्रदान किया गया।
निरीक्षण के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) की प्रभारी एवं फूड एनालिस्ट दिव्या ठाकुर ने नमूनों की प्रारंभिक जांच की। जांच में यूरिया, स्टार्च और डिटर्जेंट की मौजूदगी का परीक्षण किया गया। परिणामों में अधिकांश दूध के नमूनों में डिटर्जेंट के अंश पाए गए, जबकि यूरिया और स्टार्च की मिलावट नहीं मिली।
विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया यह संभावना है कि दूध रखने वाले कंटेनरों और केनों की सफाई के बाद उन्हें पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी से अच्छी तरह नहीं धोया गया, जिससे डिटर्जेंट के अवशेष दूध में पहुंच गए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे रासायनिक अवशेष मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं और खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से यह गंभीर चिंता का विषय है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी दूध विक्रेताओं से कंटेनरों की सफाई के लिए उपयुक्त डिशवॉशिंग लिक्विड का उपयोग करने तथा इस्तेमाल से पहले उन्हें स्वच्छ बहते पानी से अच्छी तरह धोने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार के रासायनिक अवशेष की संभावना समाप्त हो सके।
विभाग ने संबंधित विक्रेताओं को चेतावनी जारी करते हुए स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में यदि दोबारा रासायनिक अवशेष पाए जाते हैं अथवा खाद्य पदार्थ असुरक्षित श्रेणी में मिलते हैं तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 59 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रावधान के अंतर्गत परिस्थितियों के अनुसार एक लाख रुपये से लेकर दस लाख रुपये या उससे अधिक का आर्थिक दंड तथा कारावास तक का प्रावधान है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अनिल शर्मा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग कुल्लू जिले के उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
नाहन :उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान 13 से 16 जून तक सिरमौर जिला के प्रवास पर
अक्स न्यूज लाइन नाहन 11 जून :
उद्योग संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान 13 से 16 जून 2026 तक जिला सिरमौर के प्रवास पर होंगे।
यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने देते हुए बताया कि उद्योगमंत्री 13 जून व 14 जून को शिलाई स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनेंगे तथा 15 जून 2026 को नाहन में जिला सिरमौर की नव निर्वाचित ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं उप.प्रधानांे को निष्ठा एवं गोपनीयता की शपथ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसके पश्चात उद्योग मंत्री धानला ;अंाज भोज स्थित श्री शिरगुल महाराज मंदिर में आयोजित शांत महायज्ञ अनुष्ठान में सम्मिलित होंगे।
उद्योग मंत्री 16 जून को जिज्ञासा परियोजना के अन्तर्गत जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कफोटा में निर्मित विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन करेंगे।









