आरोप-प्रत्यारोप की सियासत न करें जयराम ठाकूर कृषि मंत्री ने दी सलाह...

आरोप-प्रत्यारोप की सियासत न करें जयराम ठाकूर कृषि मंत्री ने दी सलाह...

अक्स न्यूज लाइन नाहन  01 नवंबर :  

कृषि मंत्री श्री चंद्र कुमार ने नेता प्रतिपक्ष श्री जय राम ठाकुर को आधारहीन व द्वेषपूर्ण बयानबाजी से दूर रहने का परामर्श देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू आपदा पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए विस्तृत स्तर पर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश को लगभग 18000 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है और इस नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री दिन-रात कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य की स्थिति से अवगत करवाने के लिए केंद्रीय मंत्रियों से बार-बार भेंट कर रहे हैं और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष हर बार प्रभावित परिवारों के लिए सहायता का आग्रह किया जाता है। इन निरंतर प्रयासों के बावजूद केंद्र ने अपेक्षित सहायता प्रदान नहीं की क्योंकि विपक्ष बार-बार इस प्रक्रिया में बाधा डाल रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आपदा प्रभावित परिवारों को राज्य के संसाधनों से 4,500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज जारी किया गया। सरकार ने आपदा प्रभावितों को दी जाने वाली मुआवजा राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। सरकार ने कृषकों, बागवानों, दुकानदारों, विस्थापित परिवारों और शहरी एवं ग्रामीण परिवारों को सहायता प्रदान की है। इन सभी तथ्यों को नजर अंदाज कर नेता प्रतिपक्ष का आपदा पीड़ितों से संबंधित बयान हास्यप्रद है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी को निभाने और जनहित के मुद्दे उठाने की अपेक्षा केवल आधारहीन बयानबाजी में व्यस्त है। विपक्ष केवल जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित कर रहे हैं। एक ओर जहां भाजपा के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल 21वें स्थान पर था वहीं वर्तमान सरकार की नीतियों के फलस्वरूप हिमाचल गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में देश में पांचवें पायदान पर पहुंच गया है और इस क्षेत्र में निरंतर उपलब्धियां हासिल की जा रही हैं। भाजपा ने अपने कार्यकाल में राजनीतिक लाभ लेने के लिए केवल संस्थानों को खोलने का निर्णय लिया जबकि उनमें पर्याप्त स्टाफ की तैनाती नहीं की गई। इसके विपरीत वर्तमान प्रदेश सरकार स्कूलों में शैक्षणिक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। शिक्षा में सुधार के लिए प्रथम चरण में प्रदेश में 100 स्कूलों को सीबीएससी आधारित बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने कृषि और किसानों की कोई सुध नहीं ली जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है।वर्तमान राज्य सरकार द्वारा दो वर्षों में गाय के दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 51 रुपये तथा भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 61 रुपये प्रति लीटर किया गया है। सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं और पांगी क्षेत्र में उगाई गई जौ को 60 रुपये प्रति किलो, जबकि मक्की को 40 रुपये और कच्ची हल्दी को 90 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से किसानों को उनकी मेहनत का उचित फल मिल रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि आरोप प्रत्यारोप की राजनीति करने के बजाय नेता प्रतिपक्ष को लोगों के बीच जाकर कल्याणकारी योजनाओं से हो रहे सकारात्मक बदलाव को देखना चाहिए। इससे वे जान पाएंगे कि प्रदेश सरकार की योजनाएं लोगों के जीवन में समृद्धि ला रही है जिस कारण प्रदेशवासियों में मुख्यमंत्री के लिए स्नेह और सम्मान है।