विनय कुमार बने विधानसभा के उपाध्यक्ष

विनय कुमार बने विधानसभा के उपाध्यक्ष

अक़्स न्यूज लाइन, धर्मशाला--19 दिसंबर

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पांच दिवसीय शीत सत्र के दौरान मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए नए डिप्टी स्पीकर का चयन किया गया। सुबह 11:00 बजे सदन की कार्रवाई आरंभ हुई इसी दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन की कार्रवाई आरंभ की। इस दौरान रेणुका से विधायक विनय कुमार को सर्वसम्मति से विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। 

जानकारी के मुताबिक सदन में इस संबंध में तीन प्रस्ताव रखे गए जिसमें पहला प्रस्ताव मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रखा जिसका अनुमोदन उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। दूसरा प्रस्ताव वरिष्ठ मंत्री चंद्र कुमार ने रखा जिसका अनुमोदन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री धनीराम शांडिल ने किया , जबकि तीसरा प्रस्ताव नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रखा जिसका अनुमोदन विधायक हंसराज ने किया। 

इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू  , नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने विनय कुमार को डिप्टी स्पीकर के आसन तक ले गए और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मीडिया से बातचीत करते हुए विधानसभा के नव नियुक्त डिप्टी स्पीकर विनय कुमार ने बताया कि वह संविधान के मुताबिक विधानसभा का कार्य बखूबी निभाएंगे। 

उन्होंने अपने चयन के लिए पक्ष और विपक्ष सभी राजनीतिक दलों के नेताओं का धन्यवाद किया। गौर हो कि पिछले एक वर्ष से रेणुका के विधायक विनय कुमार को मंत्री बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही थी , लेकिन सूत्र बताते हैं कि सिरमौर से पहले ही एक कैबिनेट मंत्री दिया गया है जिसके चलते विनय कुमार का चयन लंबे समय से लटक गया था।