नाहन : रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स द्वारा निःशुल्क नेत्र एवं श्रवण जांच शिविर का आयोजन
अक्स न्यूज लाइन नाहन 26 जुलाई :
रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स द्वारा निर्मल हेल्थ सर्विसेज, तालाब के समीप, नाहन में कपिल आई हॉस्पिटल, अंबाला सिटी के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच एवं कानों की सुनाई (हियरिंग) जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला उपायुक्त (डीसी) सिरमौर श्रीमती प्रियंका वर्मा (आईएएस) ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती प्रियंका वर्मा ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने रोटरी क्लब एवं कपिल आई हॉस्पिटल द्वारा किए जा रहे इस जनसेवा कार्य की सराहना की।
शिविर में कपिल आई हॉस्पिटल, अंबाला सिटी की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभांगी एवं उनकी क्लिनिकल ऑप्टोमेट्रिस्ट टीम द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों से लगभग 150 मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई। मरीजों की दृष्टि, मोतियाबिंद, ग्लूकोमा एवं अन्य नेत्र रोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही कानों की सुनाई की भी निःशुल्क जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्री चेतन कपूर, मुख्य प्रशासक (Chief Administrator), कपिल आई हॉस्पिटल ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी समाजहित में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स की अध्यक्ष रोटेरियन श्रीमती प्रगति सबलोक, डॉ. एस. के. सबलोक, श्री एस. के. अत्री (एडवोकेट), श्री विकास रत्तन (सचिव), श्री अमित अत्री, श्री कुलदीप सिंह, श्री अशरफ अली, श्रीमती पूजा तोमर, पार्षद श्री विशाल तोमर, इनर व्हील क्लब एवं रोटरी क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स की अध्यक्ष श्रीमती प्रगति सबलोक ने कहा कि क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण से जुड़े ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स सदैव समाजसेवा के लिए समर्पित है तथा जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
शिविर में लाभान्वित हुए सभी मरीजों ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कपिल आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ सेवाओं एवं रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स के सामाजिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का समापन सभी के स्वस्थ नेत्र, बेहतर श्रवण क्षमता एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।



