शिमला ज़िला की धरेच बनी प्रदेश की पहली ग्रीन पंचायत, मुख्यमंत्री ने 500 किलो वाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया शुभारंभ
अक्स न्यूज लाइन शिमला 27 अप्रैल :
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सौर परियोजना से प्रतिदिन लगभग 3000 यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, जबकि वार्षिक उत्पादन करीब 8 लाख यूनिट रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत् बोर्ड लिमिटेड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से ख़रीदेगा। इससे न केवल राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति होगी, बल्कि ग्राम पंचायत को भी प्रतिवर्ष लगभग 28 लाख रुपये की नियमित आय होगी।
मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को समावेशी और जनकल्याणकारी मॉडल बताते हुए कहा कि इससे पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। परियोजना से प्राप्त राजस्व में से 30 प्रतिशत राशि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों, 20 प्रतिशत अनाथों और विधवाओं के कल्याण, 20 प्रतिशत राज्य सरकार, 10 प्रतिशत हिम ऊर्जा तथा 20 प्रतिशत संचालन एवं रख-रखाव के लिए हिम ऊर्जा को प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की अनुमानित आयु वाली यह परियोजना राज्य में सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ होने से उनकी आर्थिकी में सुधार होगा।








