नाहन: अब सीबीएसई हेतु शिक्षक चयन के लिए, सरकार द्वारा तय परीक्षा केंद्रों को लेकर मचा बवाल
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सी बी एस एस सी से मान्यता हेतु चयनित विद्यालयों में प्रतिनियुक्ति हेतु 22 मार्च को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए हिमाचल शिक्षा बोर्ड द्वारा गठित परीक्षा केंद्रों पर बवाल खड़ा हो गया है।मात्र तीन दिन पूर्व पिछले कल जारी किए गए एडमिट कार्ड में शिक्षकों को जिले से बहार परीक्षा केंद्र दिए गए।
सबसे अधिक आश्चर्य की बात यह है कि खराब मौसम के वावजूद किन्नौर जिला के परीक्षार्थियों को धर्मशाला, सिरमौर के परीक्षार्थियों को शिमला तथा सोलन, ऊना जिला के परीक्षार्थियों को कांगड़ा जिला में परीक्षा देनी होगी। जबकि बोर्ड को यह भी मालूम हैं कि बहुत से शिक्षक ऐसे भी है जिनकी बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी हैं तथा उन्हें दूसरे दिन यानी 23 मार्च को अपने परीक्षा केंद्र में परीक्षा भी आयोजित करनी है।
कुछ शिक्षक भी इस परीक्षा में शामिल हो रहे है जिनकी प्रतिनियुक्ति वर्तमान में आयोजित हो रही दसवीं तथा 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन हेतु परीक्षा केंद्र अधीक्षक,उपाधीक्षक ,केंद्र समन्वयक अथवा सहायक समन्वयक पद पर की गई है तथा वह बोर्ड के नियमों के अनुसार परीक्षा केंद्र छोड़ कर भी नहीं जा सकते।
हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ राज्य चेयरमैन सुरेन्द्र पुंडीर , जिला सिरमौर अध्यक्ष डॉक्टर आई डी राही समस्त जिला कार्यकारिणी ने कहा कि यद्यपि परीक्षा संबंधी विषय माननीय उच्च न्यायालय के विचाराधीन हैं जिस पर आज भी बहस होनी है तथापि दूर दराज स्थान पर परीक्षा केंद्रों का आबंटन इस परीक्षा में बड़ी बाधा बन सकता है उन्होंने कहा कि माना कि कुछ विषयों में परीक्षार्थियों की संख्या कम है परंतु इस प्रकार से विभिन्न विषयों की परीक्षा का आयोजन दसवीं तथा 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में भी होता हैं तथा बोर्ड द्वारा सीमित मात्रा में सभी केंद्रों पर अलग -अलग विषयों के प्रश्न पत्र दिए जाते है ।
इस प्रकार दूर दराज क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों के आबंटन से परीक्षा देने वाले शिक्षकों की संख्या काफी कम हो सकती हैं तथा कुछ विषयों में निर्धारित संख्या के समान भी परीक्षार्थी उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। शिक्षकों का मानना है कि कारण कुछ भी रहे हो लगभग 55 से साठ लाख रूपये का परीक्षा शुल्क एकत्र कर कम से कम जिला स्तर पर तो परीक्षा केंद्र आबंटित किए ही जा सकते थे।
पुंडीर ने कहा कि उन्होंने इस विषय पर पहले ही बोर्ड के संबंधित अधिकारी से बात की थी तथा बोर्ड द्वारा आश्वस्त किया गया था कि बोर्ड प्रयास करेगा कि शिक्षकों के परीक्षा केंद्र अपने जिलों में आबंटित किए जाए। अतः संघ बोर्ड से पुनः मांग करता हे खराब मौसम के मध्यनजर इस विषय पर बोर्ड सचिव द्वारा तुरंत कार्रवाई कर परीक्षार्थियों को जिला के भीतर तथा न्यूनतम दूरी पर परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाए तथा यह अधिसूचना आज ही जारी की जाए अन्यथा किन्नौर जैसे दूर दराज से शिक्षकों को आज ही परीक्षा केंद्र के लिय प्रस्थान करना पड़ेगा।





