नाहन : सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
अक्स न्यूज लाइन नाहन 14 जनवरी :
जिला मुख्यालय नाहन स्थित सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय में सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई तथा उनकी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में जिला उपनिदेशक सैनिक कल्याण बोर्ड सिरमौर दीपक धवन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 जनवरी को देशभर में सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों को सरकारी सुविधाओं और योजनाओं से अवगत कराना तथा वर्तमान और सेवानिवृत्त सैनिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के प्रयास किए गए। इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव भी साझा किए, जिससे आपसी संवाद और सहयोग को बढ़ावा मिला।
दीपक धवन ने जानकारी दी कि 14 जनवरी 1953 को भारत के पहले फील्ड मार्शल जनरल के.एम. करियप्पा सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी सेवाओं और योगदान की स्मृति में यह दिवस हर वर्ष जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के बीच आपसी सामंजस्य बनाए रखना तथा उनके कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है।




