विधायक केवल पठानिया ....... नगर निगम शिमला में कांग्रेस की जीत को बताया ऐतिहासिक.......

विधायक केवल पठानिया ....... नगर निगम शिमला में कांग्रेस की जीत को बताया ऐतिहासिक.......

 अक्स न्यूज लाइन -- धर्मशाला , 05 मई -  2023
शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने नगर निगम शिमला में कांग्रेस पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि शिमला शहर की जनता ने सीएम श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की व्यवस्था परिवर्तन की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए अपना वोट दिया है। भारी जन समर्थन से भरी इस जीत से प्रदेश की विकास यात्रा पर जन विश्वास की पुष्टि हुई है। उन्होंने इसके लिए शिमला नगर निगम की जनता का आभार जताया है। साथ ही उन्होंने पालमपुर नगर निगम में एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत पर खुशी जताते हुए पालमपुर की जनता को धन्यवाद दिया है।
श्री पठानिया ने आज (गुरुवार) यहां जारी एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विकास और तरक्की की जिस प्रतिबद्धता, संकल्प और दूरर्शिता के साथ हिमाचल को आगे ले जाने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं, उससे लोगों का विश्वास बढ़ा है। उनके हिमाचल और हिमाचलियों के हित में पूरी ईमानदारी से लिए निर्णयों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। जन हित में व्यापक व्यवस्था परिवर्तन के सीएम के ध्येय से लोग दिल से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक सेहत सुधारने के लिए दीर्घकालिक उपायों की बात हो या शासन व्यवस्था में, कार्यप्रणाली में, पारदर्शिता लाने की, सीएम श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इनके लिए लगातार काम कर रहे हैं। सामाजिक सरोकारों को सरकार ने प्राथमिकता दी है। 10 गारंटियों को पूरा करने का काम आरंभ हो चुका है। कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन, डीए भत्ता, महिलाओं को 1500 रुपये, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, युवाओं को रोजगार, हर क्षेत्र में संकल्प साकार हो रहे हैं।
हिमाचल को ग्रीन एनर्जी स्टेट बनाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। वहीं इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति लाकर पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था करने में हिमाचल अग्रणी बना है।
श्री पठानिया ने कहा कि सीएम सुक्खू ने विकास की अपनी सोच से परिवर्तन के नए दौर की नींव रखी है, इस नींव पर ही आगे समृद्ध हिमाचल की बुलंद इमारत खड़ी होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इसमें जिस प्रकार जनता का साथ, समर्थन और पूरा सहयोग मिल रहा है, आगे भी मिलता रहेगा।