हमीरपुर मेडिकल कॉलेज पर खर्च होंगे 1000 करोड़ रुपयेः मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों के बाद हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं तथा हमीरपुर में कैंसर अस्पताल की स्थापना से प्रदेश के लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल सुनिश्चित होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर कैंसर अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए 11 नए विशेषज्ञ विभाग स्थापित किए जा रहे हैं, जिन्हें हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कैंसर केयर सेंटर में मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, पेन पैलिएशन, न्यूक्लियर मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर, पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी, रेडियोलॉजी इमेजिंग, गायनी ऑन्कोलॉजी, स्टेम सेल और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग स्थापित किए जाएंगे और ये विभाग कैंसर रोगियों को प्रदेश के भीतर ही विशेष सुविधाएं प्रदान करेंगे, जिससे उनके समय एवं धन की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में कैंसर के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत प्रणालीगत स्क्रीनिंग, रोकथाम, निगरानी, रिकॉर्डिंग और समय पर जांच की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसी के दृष्टिगत राज्य सरकार ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में राज्य कैंसर सेंटर स्थापित करने को स्वीकृति प्रदान की गई है।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही राज्य में स्वास्थ्य प्रणाली के कायाकल्प के लिए अनेक महत्त्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिसके परिणामस्वरूप लोगों को प्रदेश के भीतर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार व कैप्टन रणजीत सिंह, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांगड़ा प्राथमिक सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा, सुभाष ढटवालिया, रूबल ठाकुर, सचिव एम. सुधा देवी और आशीष सिंघमार, उपायुक्त गंधर्व राठौर, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।




