भाजपा सरकार में न डीलर बचे और ना ही दलाल बचे, दामाद की बात ही नहीं : बिंदल

भाजपा सरकार में न डीलर बचे और ना ही दलाल बचे, दामाद की बात ही नहीं : बिंदल

अक्स न्यूज लाइन शिमला 29 सितम्बर : 
 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने हरियाणा चुनाव के अंतर्गत शाहबाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने चुनावी रैली में जनता को संबोधित करते हुए कहा वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा से ही लोकसभा चुनाव प्रचार शुरू किया था। उस वक्त उन्होंने कहा था कि सेना के जवानों एवं परिवारों की वन रैंक वन पेंशन की जो लंबित मांग है उसे भारतीय जनता पार्टी पूरा करेगी।

इंदिरा गांधी से लेकर सोनिया गांधी-मनमोहन सिंह की कांग्रेस सरकार तक, 40 सालों तक कांग्रेस की सरकारों ने वन रैंक वन पेंशन की मांगें पूरी नहीं की। हरियाणा के लोगों ने वर्ष 2014 मे नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाया और माननीय प्रधानमंत्री ने वर्ष 2015 में वन रैंक वन पेंशन की मांग को लागू कर दिया। वन रैंक वन पेंशन का तीसरा संस्करण भी लागू कर दिया गया है। 
उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी ने हमेशा भारतीय सेना का अपमान किया है।

कांग्रेस ने देश के सेना अध्यक्ष को गुंडा कहा। कांग्रेस ने भारतीय सेना का सम्मान नहीं किया और सेना के बारे भ्रांतियां फैलाई है। कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है कि अग्निवीर से जो बच्चे वापिस आएंगे, उन्हें ऐसे ही छोड़ दिया जाएगा। भाजपा का वादा है कि हरियाणा के रहने वाले एक भी अग्निवीर पेंशन वाली नौकरी के बगैर नहीं रहेगा। भारत सरकार और हरियाणा की भाजपा सरकार मिल कर राज्य के सभी अग्निवीरों को पक्की पेंशन वाली सरकारी नौकरी उपलब्ध कराएगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अफवाह फैलाने के अलावा कोई काम नहीं है। 

हरियाणा की सरकार में पहले दो ही परिवारों का आवन-जावन होता था। कांग्रेस की सरकार में गुंडगर्दी बढ़ जाती थी तो दूसरी क्षेत्रीय पार्टी की सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ जाता था। कांग्रेस पार्टी का कोई मुख्यमंत्री बनता था तो वह जिस जिले का होता था, उसी जिले का विकास होता था, उसी क्षेत्र का विकास होता था। भाजपा की सरकार आयी तो सभी क्षेत्रों का विकास हुआ। भाजपा ने हरियाणा में भ्रष्टाचार का नामोनिशान समाप्त कर दिया। हरियाणा में पहले कांग्रेस की सरकार कट, कमीशन और करप्शन से चलती थी। कांग्रेस की सरकार में डीलर, दलालों एवं दमादों का राज चलता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में न डीलर बचे और ना ही दलाल बचे, दामाद की बात ही नहीं। भाजपा ने हरियाणा में भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का वादा निभाया।